Trending

लखनऊ : बीकेटी में खनन माफियाओं पर प्रशासन का हंटर, बिना नंबर का मिट्टी भरा डंपर दबोचा

बीकेटी, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बीकेटी इलाके के सैरपुर थाना क्षेत्र में धरती का सीना चीर रहे खनन माफियाओं पर प्रशासन ने आधी रात को ऐसा हंटर चलाया कि पूरे सिंडिकेट में खलबली मच गई। ईद-उल-जुहा से पहले चल रही सघन चेकिंग के बीच नायब तहसीलदार विवेक कुमार सिंह की सूचना पर सैरपुर पुलिस और तहसील की संयुक्त टीम ने ग्राम सरौरा रपरा क्षेत्र से आ रहे मिट्टी लदे एक संदिग्ध डंपर को घेर लिया, जिसकी पहचान छिपाने के लिए शातिर तरीके से नंबर प्लेट तक नोच डाली गई थी।

 

मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक मोनू कुमार ने जब चेसिस नंबर के आधार पर जांच पड़ताल शुरू की तो पूरा काला खेल सामने आ गया, पकड़े गए चालक मुकेश कुमार निवासी प्रीति नगर डुडौली थाना मड़ियांव के पास न तो खनन का कोई वैध परमिट था, न ही लदी मिट्टी की एक भी रॉयल्टी रसीद, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत डंपर को सीज कर दिया और पूरी रिपोर्ट सख्त कार्रवाई के लिए खनन विभाग को भेज दी।

 

वही स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बीकेटी तहसील क्षेत्र में महीनों से रात के अंधेरे में जेसीबी मशीनों से धरती उधेड़कर डंपरों के जरिए अवैध मिट्टी की सप्लाई का धंधा चल रहा है और कई शिकायतों के बावजूद खनन माफिया सरकारी नियमों को खुली चुनौती दे रहे थे, लेकिन इस छापेमारी के बाद पूरे इलाके के खनन कारोबारियों में दहशत फैल गई और मौके से कई अन्य वाहन चालक डंपर समेत फरार हो गए।

 

बीकेटी नायब तहसीलदार विवेक सिंह ने बताया कि ये कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है, क्षेत्र में लगातार अभियान चलाकर अवैध खनन के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा और धरती लूटने वाले एक-एक शख्स को बेनकाब कर शख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button