लामार्टिनियर कॉलेज के अश्विन चौहान व देवांश विज बालक एकल के अंतिम 16 में
आइटा सीएस-7 (अंडर-18) बालक व बालिका टेनिस टूर्नामेंट
लखनऊ। लामार्टिनियर कॉलेज के छात्र अश्विन चौहान व देवांश विज ने आइटा सीएस-7 (अंडर-18) बालक व बालिका टेनिस टूर्नामेंट में घरेलू कोर्ट पर उम्दा खेल दिखाते हुए बालक एकल के मुख्य ड्रा में जीत के साथ प्री क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में सोमवार को बालक एकल में राउंड 32 के मैच खेले गए। इस दौरान शीर्ष वरीय यूपी के फैज किदवई, तीसरी वरीय मेहर खोसला, चौथी वरीय वंशराज जलोटा, पांचवीं वरीय तेलंगाना के अंकित ने भी जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई।
लामार्टिनियर कॉलेज के छात्र उत्तराखंड के अश्विन चौहान ने बिहार के अमन सिंह को तीन सेट तक चले मुकाबले में तीसरे सेट में सुपर टाईब्रेक में 6-1, 4-6, 10-8 से शिकस्त दी। वहीं देवांश विज ने अदम्य सिंह के खिलाफ सीधे सेटों में 6-2, 6-0 से जीत दर्ज की।

शीर्ष वरीय फैज़ किदवई ने उत्तराखंड के शौर्य बिष्ट को 6-0, 6-0 से हराया जबकि तीसरी वरीय मेहर खोसला ने यूपी के अक्षत त्यागी को 6-1, 6-3 से पराजित किया। वहीं चौथी वरीय वंशराज जलोटा ने शौर्य सिंह को 6-1, 6-1 से शिकस्त दी। दूसरी ओर तेलंगाना के अंकित ने यूपी के नीलोत्पल सिंह को 6-1, 6-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
यूपी के मोहम्मद आरिज ने अमर्त्य चौधरी को सुपर टाईब्रेकर में 1-6, 6-2, 10-8 से हराया। वहीं महाराष्ट्र के निपुन चौहान ने यूपी के अभिउदय सिंह के खिलाफ सुपर टाईब्रेक में 2-6, 7-5, 10-4 से जीत दर्ज की।

अन्य मैचों में यूपी के सात्विक गुप्ता ने समर्थ भटनागर को 6-0, 6-2 से, यूपी के आदित्य वैभव ने विशेष शुक्ला को 6-2, 6-0 से, यूपी के रोहिन राज ने अर्जुन शर्मा को 6-3, 6-0 से, यूपी के रिशांत जायसवाल ने बिहार के आकाशदीप प्रसाद को 6-1, 6-1 से हराया। दूसरी ओर यूपी के विराट सिंह ने एकाग्र सिंह को 6-1, 6-0 से, यूपी के ध्रुव सिंह ने मनन कपूर को 6-0, 6-0 से, प्रणव शर्मा ने हर्ष वर्धन सिंह को 6-3, 6-2 से और यूपी के अनुरुद्ध कुमार ने एकांश चंद्रा को 6-0, 6-0 से हराया।



