Trending

आमेर महल की भव्यता से अभिभूत हुए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो

जयपुर : अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को पत्नी जेनेट डी. रूबियो और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ गुलाबी नगरी जयपुर पहुंचे। विश्व प्रसिद्ध आमेर महल की भव्यता, ऐतिहासिक स्थापत्य और राजस्थानी संस्कृति ने उन्हें खासा प्रभावित किया। आमेर भ्रमण के दौरान उन्होंने महल को “इन्क्रेडिबल पैलेस” बताते हुए इसकी सुंदरता और शाही विरासत की जमकर सराहना की।

 

अमेरिकी विदेश मंत्री दोपहर करीब डेढ़ बजे विशेष विमान से आगरा से जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे आमेर महल के लिए रवाना हुआ। सुरक्षा कारणों से जेएलएन मार्ग सहित आमेर तक करीब 19 किलोमीटर के मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोका गया। वहीं आमेर महल को दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा गया।

 

आमेर महल पहुंचने पर जलेब चौक और चांदपोल गेट पर उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। नौबत बजाकर अभिनंदन किया गया और लोक कलाकारों ने घूमर, कालबेलिया, कच्छी घोड़ी तथा रावणहत्था की प्रस्तुतियों से विदेशी मेहमानों को राजस्थान की लोक संस्कृति से रूबरू कराया। इस दौरान भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे।

 

वरिष्ठ टूरिस्ट गाइड महेश कुमार शर्मा और मदन सिंह राजपुरा ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को आमेर महल के इतिहास, स्थापत्य और शाही परंपराओं की जानकारी दी। रूबियो ने गणेश पोल, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, शीश महल, सुख निवास और मावठा झील का अवलोकन किया। शीश महल की कांचकारी और वहां मोमबत्ती की रोशनी से तारों जैसी चमक पैदा होने की कला को देखकर वे आश्चर्यचकित रह गए।

 

वरिष्ठ टूरिस्ट गाइड महेश कुमार शर्मा और मदन सिंह राजपुरा के अनुसार रूबियो ने आमेर महल में दिखाई देने वाले ब्रिटिश प्रभाव, पुराने बिलियर्ड्स रूम, अस्तबल और आमेर की विशाल सुरक्षा दीवारों के इतिहास को लेकर भी विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने आमेर के राजाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह महल अत्यंत खूबसूरत और ऐतिहासिक दृष्टि से अद्भुत है।

 

भीषण गर्मी और तेज तापमान के चलते प्रस्तावित सवा घंटे का दौरा करीब 35 मिनट में पूरा किया गया। प्रतिनिधिमंडल हाथी स्टैंड से ई-व्हीकल के जरिए महल परिसर तक पहुंचा। इस दौरान पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत, पुरातत्व विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। आमेर दाैरे के बाद रूबियो जयपुर के हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में रात्रि विश्राम के लिए पहुंचे।रूबियो मंगलवार सुबह करीब साढे छह बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

 

इधर, दौरे को देखते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त योगेश दाधीच ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत शहर के 24 थाना क्षेत्रों में 25 और 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए। रामनिवास बाग से आमेर महल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

Related Articles

Back to top button