Trending

आयुष ग्रिड पहल के तहत आयुष अनुदान पोर्टल हुआ लॉन्च

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने आयुष क्षेत्र में डिजिटल शासन को सुदृढ़ करने और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में आयुष अनुदान पोर्टल का शुभारंभ किया है। यह पोर्टल आयुष ग्रिड पहल के तहत आयुष मंत्रालय द्वारा विकसित किया गया है, जो मंत्रालय की विभिन्न केंद्रीय क्षेत्र योजनाओं के अंतर्गत वित्तपोषण प्रस्तावों के प्रस्तुतीकरण, प्रसंस्करण, अनुमोदन और निगरानी को सुव्यवस्थित करने में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

आयुष ग्रिड भारत सरकार की एक दूरदर्शी डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग के माध्यम से आयुष क्षेत्र के लिए एकीकृत, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित डिजिटल इकोसिस्टम स्थापित करना है। पोर्टल की प्रमुख विशेषताओं में से एक इसकी योजना-वार आवेदन प्रबंधन प्रणाली है, जो मंत्रालय की विभिन्न केंद्रीय क्षेत्र योजनाओं की विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्तावों को वर्गीकृत करने, संसाधित करने और निगरानी करने में सक्षम बनाती है। इस प्लेटफॉर्म में एक रीयल-टाइम आवेदन ट्रैकिंग तंत्र भी शामिल है, जो आवेदकों और अधिकारियों को प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में प्रस्ताव की स्थिति की निगरानी करने की सुविधा देता है।

आयुष अनुदान पोर्टल के लॉन्च का उद्देश्य अनुदान प्रबंधन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, परिचालन दक्षता, जवाबदेही और सुगम पहुंच सुनिश्चित करना है। यह कदम डिजिटल परिवर्तन, पारदर्शी शासन और डिजिटल इंडिया की परिकल्पना के अनुरूप एक मजबूत, नवाचार-संचालित और डिजिटल रूप से सशक्त आयुष इकोसिस्टम के निर्माण के प्रति मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस पोर्टल को आयुष मंत्रालय के एमएआईएसपी (माई आयुष इंटीग्रेटेड सर्विसेज पोर्टल), जो मंत्रालय की सिंगल-विंडो डिजिटल पहल है, के माध्यम से या सीधे आयुष अनुदान पोर्टल लिंक के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button