पोस्टमार्टम के लिए KGMU लाया गया प्रतीक यादव का शव, अपर्णा यादव के पति के निधन पर सीएम योगी ने जताया दु: ख

Prateek Yadav Death : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई एवं मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव को बुधवार सुबह गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्र पांडेय के मुताबिक, प्रतीक यादव को सुबह 5:55 बजे अस्पताल लाया गया था और तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज (KGMU) के मुर्दाघर भेज दिया।
प्रतीक यादव की मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, प्रारंभिक तौर पर जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर बिजनेस और फिटनेस सेक्टर में सक्रिय थे। उन्होंने ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षा प्राप्त की थी। फिटनेस के प्रति उनका खास लगाव था और इसी क्षेत्र में उन्होंने अपना करियर बनाया।
प्रतीक यादव, अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। मुलायम सिंह यादव ने सार्वजनिक रूप से कई बार प्रतीक को अपना बेटा बताया था।
उनकी पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलते ही अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट भी लखनऊ स्थित आवास पहुंच गईं।
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। हालांकि यादव परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



