केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने को दी मंजूरी

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस संबंध में सरकार संसद में विधेयक लाएगी। वर्तमान में मुख्य न्यायाधीश समेत 34 न्यायाधीश हैं। इसे बढ़ाकर कुल 38 किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को संसद में सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 को पेश करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस विधेयक का उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) अधिनियम, 1956 में संशोधन करके शीर्ष न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या में 4 की बढ़ोतरी कर इसे 33 से बढ़ाकर 37 करना है।
सरकार का कहना है कि न्यायाधीशों की संख्या में वृद्धि से सर्वोच्च न्यायालय अधिक कुशलता और प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेगा और त्वरित न्याय सुनिश्चित कर सकेगा।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट में समय-समय पर न्यायाधीशों की संख्या में वृद्धि की गई है। वर्ष 2008 में न्यायाधीशों की संख्या को 25 से बढ़ाकर 30 किया गया था। वहीं प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इससे पहले 2019 में संख्या को 30 से बढ़ाकर 33 कर दिया गया था।



