आईपीएल में चोटिल हुए मिचेल सैंटनर, कम से कम एक महीने तक रहेंगे बाहर
न्यूजीलैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान मिशेल सैंटनर आईपीएल मैच के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण कम से कम एक महीने तक मैदान से बाहर रहेंगे। इस खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 23 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में फील्डिंग करते समय बाएं कंधे में चोट लगी थी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया, “सैंटनर इस सप्ताह न्यूजीलैंड लौट आए हैं और आज सुबह एक विशेषज्ञ से परामर्श किया, जिन्होंने उन्हें कम से कम एक महीने के आराम और ‘रिहैबिलिटेशन’ की सलाह दी है।”
आईपीएल मैच के दौरान सैंटनर ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर सीएसके के कार्तिक शर्मा का डाइव लगाकर शानदार कैच लिया, लेकिन इसी दौरान उनके कंधे और सिर में चोट लग गई। इस चोट के चलते वह आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में उपलब्ध नहीं रहेंगे। एनजेडसी ने कहा, “दूसरे और तीसरे टेस्ट मैचों के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में लिया जाएगा।”

न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच एकमात्र चार दिवसीय टेस्ट मैच 27 मई से बेलफास्ट में खेला जाएगा। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी, जो लॉर्ड्स (4-8 जून), द ओवल (17-21 जून) और ट्रेंट ब्रिज (25-29 जून) में आयोजित होगी।



