Trending

आलोचनाओं के बीच मिचेल स्टार्क की वापसी, दिल्ली कैपिटल्स को नई उम्मीद

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की वापसी से दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा फायदा मिलने वाला है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें फिर से प्रतियोगी क्रिकेट खेलने की अनुमति दे दी है, जिसके बाद वे इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।

कोहनी और कंधे की समस्याओं के कारण अब तक बाहर रहे स्टार्क के 1 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में खेलने की संभावना जताई जा रही है।

दरअसल, स्टार्क को यह चोट एशेज सीरीज के पांचों टेस्ट और उसके बाद बिग बैश लीग में खेलने के दौरान हुई थी। खास बात यह है कि उन्होंने एशेज के सभी मुकाबले खेले और शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने। आईपीएल से उनकी अनुपस्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही थी। इस पर स्टार्क ने खुद सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट की थी।

साभार : गूगल

उन्होंने कहा था कि भारतीय मीडिया और कुछ लोगों की राय के विपरीत, वे अपनी चोट का लगातार रिहैब और प्रबंधन कर रहे हैं, जिसकी गंभीरता का अंदाजा उन्हें ऑस्ट्रेलियाई समर के दौरान नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर गलत धारणाएं बनाई हैं और ऐसा दिखाया है जैसे वे उनके शरीर को उनसे बेहतर समझते हों।

स्टार्क ने यह भी माना कि उनकी चोट और टाइमिंग टीम के लिए परेशानी बनी है। उन्होंने फैंस से माफी मांगते हुए कहा कि वे सीजन के शुरुआती हिस्से में उपलब्ध नहीं हो सके, लेकिन वे दिल्ली टीम से जुड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और लगातार अपडेट देते रहे हैं।

अब उनकी वापसी से दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी इकाई को मजबूती मिलना तय है, जिससे विपक्षी टीमों के लिए चुनौती और बढ़ सकती है। फिलहाल टीम 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार के साथ 6 अंकों पर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button