केएल राहुल की ‘धमाकेदार’ वापसी, पर हार के साथ करियर में जुड़ा एक ‘बदकिस्मत’ रिकॉर्ड
केएल राहुल की 92 रनों की धमाकेदार पारी के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के 14वें मुकाबले में महज 1 रन से हार का सामना करना पड़ा।
डीसी के इस सलामी बल्लेबाज के लिए आईपीएल 2026 का आगाज अच्छा नहीं रहा था, पहले दो मैचों में फेल होने के बाद राहुल की फॉर्म सवालों के घेरे में थी, हालांकि उन्होंने अब अपनी इस पारी के दम पर अपने आलोचकों को जवाब दिया है।
राहुल ने अपनी इस पारी के दौरान 11 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए। हालांकि इस धमाकेदार पारी के बावजूद उनका नाम एक अनचाही लिस्ट में जुड़ गया है, जिसमें पहले से ही विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज मौजूद हैं।

यह रिकॉर्ड है आईपीएल में टीम की हार में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों का। राहुल ने भले ही 92 रनों की शानदार पारी खेली हो, मगर गुजरात टाइटंस के खिलाफ उनकी टीम दिल्ली कैपिटल्स को 1 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। केएल राहुल इसी के साथ आईपीएल में टीम की हार में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
केएल राहुल के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने इस रंगारंग लीग में अभी तक खेले 153 मैचों में 45.21 की औसत और 136.41 के स्ट्राइक रेट के साथ 5335 रन बनाए हैं। इसमें से 2515 रन टीम की हार में आए। इसका मतलब है कि केएल राहुल ने अभी तक अपने आईपीएल करियर में 47 प्रतिशत रन टीम की हार में बनाए हैं।
विराट कोहली के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। वहीं उनके नाम टीम की हार में भी सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। कोहली ने अपने आईपीएल करियर में 269 मैचों में 8758 रन बनाए हैं, जिसमें से 3731 रन टीम की हार में आए। वहीं रोहित शर्मा ने आईपीएल में टीम की हार में 2764 रन बनाए हैं। वह शिखर धवन और डेविड वॉर्नर के बाद लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं।
विराट कोहली- 3731
शिखर धवन- 2780
डेविड वॉर्नर- 2768
रोहित शर्मा- 2764
केएल राहुल- 2515



