शुभमन गिल पर 12 लाख का जुर्माना, जीत के बाद भी गुजरात टाइटंस को झटका
शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 की पहली जीत बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नसीब हुई। पहले दो मैचों में हार का मुह देखने के बाद गुजरात ने अपना पहला मैच दिल्ली के खिलाफ मात्र 1 रन से जीता।
मगर इस जीत के बावजूद कप्तान शुभमन गिल के लिए एक बुरी खबर आई है। बीसीसीआई ने गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पर 12 लाख रुपए का जुर्माना ठोक दिया है। यह जुर्माना दिल्ली के खिलाफ स्लो ओवर रेट के चलते लगाया गया है। इस चक्कर में जीटी को आखिरी ओवर में 210 रन डिफेंड करते हुए आखिरी ओवर में एक अतिरिक्त फील्डर भी 30 गज के घेरे में रखना पड़ा था। हालांकि उन्होंने इसके बावजूद 1 रन से यह मैच जीता।
आईपीएल रिलीज के अनुसार, गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल पर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच नंबर 14 के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के बाद जुर्माना लगाया गया है।

चूंकि यह आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का सीजन का पहला अपराध था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, गिल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
शुभमन गिल की यह आईपीएल 2026 में स्लो ओवर रेट से जुड़ी पहली गलती है, जिस वजह से कप्तान पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। अगर गुजरात टाइटंस इस सीजन अगली बार स्लो ओवर रेट की दोषी पाई जाती है तो कप्तान समेत पूरी टीम पर जुर्माना लगेगा। दूसरी बार यह गलती दोहराने पर शुभमन गिल को 24 लाख रुपए का जुर्माना भरना पड़ेगा।
आईपीएल 2026 में शुभमन गिल स्लो ओवर रेट के चलते दंड भुगतने वाले दूसरे कप्तान हैं। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर यह गलती आईपीएल 2026 में दो बार कर चुके हैं। पीबीकेएस को हालांकि अभी तक एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई में पंजाब ने पहले दो मैच जीते, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनका तीसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा था।
बता दें, आईपीएल 2026 से पहले बीसीसीआई ने कप्तान के बैन के नियम के बदलाव को हटा दिया है। पहले ऐसा हुआ करता था कि अगर कोई टीम एक सीजन में तीन बार स्लो ओवर रेट की दोषी पाई जाती थी, तो कप्तान पर जुर्माने के साथ-साथ एक मैच का बैन लगता था। मगर अब इस नियम को बदल दिया गया है। अब सिर्फ कप्तान पर बैन लगता है।



