स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर में शीतला माता के दर्शन कर लौट रहे पांच श्रद्धालुओं की मौत

Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। थाटीपुर स्थित जैन मंदिर के पास हुए इस हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 3 बजे बस स्टैंड के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर कई वाहनों से टकरा गई।
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक ने पहले बस स्टैंड के पास एक वाहन को टक्कर मारी। इसके बाद वह नियंत्रण खो बैठा और जैन मंदिर के पास खड़े एक ऑटो रिक्शा से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस दर्दनाक हादसे में इंद्रजीत शाक्य (55), लीला (52), शुभम (30), प्रीति कश्यप (60) और शगुन की मौत हो गई। वहीं, प्रीति (20), प्रियांश (5), आरव (6) और एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।



