अलेक्जेंडर जेवरेव मियामी ओपन सेमीफाइनल में, सिनर से होगा टकराव
मियामी ओपन में जर्मनी के स्टार खिलाड़ी अलेक्जेंडर जेवरेव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो को 6-1, 6-2 से हराया और टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
जेवरेव ने इस जीत के साथ एक ही सीजन में इंडियन वेल्स और मियामी ओपन दोनों के सेमीफाइनल में पहुँचने का अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिना जाएगा। फ्रांसिस्को सेरुंडोलो, जिन्होंने 2022 में सेमीफाइनल और 2023 तथा 2025 में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी, इस बार जेवरेव के सामने अपना अनुभव दिखा नहीं पाए।
हालांकि, टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में उन्होंने दुनिया के नंबर 10 खिलाड़ी डेनियल मेदवेदेव को हराकर सबको चौंका दिया था, लेकिन क्वार्टर फाइनल में उनकी लय टूट गई और उन्होंने एटीपी मास्टर्स 1000 के तीसरे सेमीफाइनल का मौका गंवा दिया।

जेवरेव ने सेरुंडोलो के खिलाफ लगातार चौथी जीत दर्ज की, जिससे उनका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 4-3 हो गया। अब उनका पूरा ध्यान इटली के टेनिस स्टार जैनिक सिनर के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले पर है।
सिनर अपने पिछले छह मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं और जेवरेव के खिलाफ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में 7-4 से आगे हैं। जेवरेव ने अपने 25वें एटीपी मास्टर्स 1000 सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद कहा, “शनिवार को सबसे मुश्किल टेस्ट होगा। मैं इसके लिए उत्साहित हूं और अच्छा महसूस कर रहा हूं। उम्मीद है कि यह प्रदर्शन जारी रहेगा।”
सिनर ने भी फ्लोरिडा में एटीपी मास्टर्स 1000 के क्वार्टर फाइनल में अमेरिकन खिलाड़ी फ्रांसिस टियाफो को 6-2, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। उनके लक्ष्य इस साल इंडियन वेल्स और मियामी ओपन जीतकर 2017 में रोजर फेडरर द्वारा पूरा किए गए ‘सनशाइन डबल’ की बराबरी करना है।
टीडीआई इनसाइट्स के अनुसार, सिनर ने अपने सर्विस गेम में केवल 9 प्वाइंट गंवाए और उनका ओवरऑल परफॉर्मेंस रेटिंग 9.65 रहा, जो एटीपी टूर के औसत 7.29 से काफी ऊपर है। लगातार 10वें मैच में जीत के बाद सिनर ने कहा, “सफलता के लिए भूख बनाए रखना बेहद जरूरी है। कोर्ट के बाहर मानसिक रूप से शांत और रिलैक्स रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।”



