Trending

NEET-UG 2026: पेपर लीक का खुलेगा एक-एक राज, मास्टरमाइंड कुलकर्णी को CBI ने पुणे से किया अरेस्ट

पुणे : NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जांच एजेंसी ने पेपर लीक के मुख्य स्रोत और मास्टरमाइंड पी.वी. कुलकर्णी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई के मुताबिक, कुलकर्णी ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रक्रिया का फायदा उठाकर प्रश्न पत्रों तक अपनी पहुंच बनाई थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुलकर्णी सहित कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 

परीक्षा से पहले घर पर चलाई ‘स्पेशल कोचिंग क्लास’, रटवाए सवाल-जवाब

मूल रूप से महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला पी.वी. कुलकर्णी पुणे में केमिस्ट्री लेक्चरर है। जांच में सामने आया है कि वह NTA की तरफ से परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था, जिसके चलते उसे प्रश्न पत्रों तक पहुंच हासिल हो गई थी।

 

आरोप है कि अप्रैल 2026 के आखिरी हफ्ते में कुलकर्णी ने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से कुछ छात्रों को इकट्ठा किया। मनीषा को सीबीआई पहले ही 14 मई 2026 को दबोच चुकी है। इसके बाद कुलकर्णी ने पुणे स्थित अपने घर पर इन छात्रों के लिए एक ‘स्पेशल कोचिंग क्लास’ चलाई। इस क्लास में उसने परीक्षा में आने वाले सवाल, उनके विकल्प और सही जवाब छात्रों को बकायदा डिक्टेट किए (लिखवाए)। छात्रों ने इन सवालों को अपनी कॉपियों में नोट किया।

 

असली परीक्षा के पेपर से हूबहू मेल खाए सवाल, लाखों का हुआ खेल

जांच एजेंसी ने जब तफ्तीश आगे बढ़ाई तो पाया कि कुलकर्णी के घर पर लिखवाए गए सवाल 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा के असली प्रश्न पत्र से पूरी तरह मेल खाते हैं। इस खुलासे के बाद सीबीआई ने आरोपी लेक्चरर को पुणे से गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई का कहना है कि इन स्पेशल क्लासेज में शामिल होने और लीक पेपर मुहैया कराने के बदले छात्रों से लाखों रुपये वसूले गए थे। इस खेल में छात्रों को जोड़ने वाले कई बिचौलियों का भी पता चल चुका है।

 

देशव्यापी छापेमारी: इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अहम दस्तावेज जब्त

शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत पर सीबीआई ने 12 मई 2026 को केस दर्ज किया था। इसके तुरंत बाद एक्शन में आई सीबीआई की स्पेशल टीमों ने पिछले 24 घंटों में देशभर में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है।

 

अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी

इस पूरे नेक्सस को तोड़ने के लिए सीबीआई ने देश के कई हिस्सों में जाल बिछाया है। अब तक जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

पकड़े गए आरोपियों में से 5 को कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि 2 अन्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है। मुख्य सूत्रधार कुलकर्णी की गिरफ्तारी आज (15 मई 2026) को दिखाई गई है। सीबीआई का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और प्रोफेशनल तरीके से जांच जारी रहेगी और जल्द ही इस घोटाले से जुड़े कई और चेहरों बेनकाब किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button