दो दशक बाद एशियाई कप में भारत की अंडर-20 महिला टीम की वापसी
भारत की 24 सदस्यीय अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम शुक्रवार को थाईलैंड पहुंची, जहां वह अगले महीने होने वाले एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप से पहले पंद्रह दिन के अनुकूलन शिविर में भाग लेगी। यह टूर्नामेंट भारत के लिए विशेष है, क्योंकि टीम दो दशक बाद इस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही है।
टीम का पहला मुकाबला 2 अप्रैल को जापान के खिलाफ ग्रुप सी में होगा। इसके पहले भारतीय खिलाड़ी 13 दिन के अनुकूलन शिविर के दौरान तैयारी पूरी करेंगे। इसके बाद भारत को 5 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया और 8 अप्रैल को चीनी ताइपे के खिलाफ मुकाबले खेलना हैं।
ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीसरे स्थान की दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी। क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल करने वाली टीमें इस साल पोलैंड में होने वाले फीफा अंडर-20 विश्व कप में भाग लेने का मौका पाएंगी।

भारतीय टीम ने पहले चरण की इंडियन वुमेंस लीग में भाग लेने के बाद बेंगलुरु में स्वीडिश कोच जोकिम अलेक्जेंडरसन के मार्गदर्शन में अभ्यास किया। इसके अलावा, टीम ने स्वीडन में एक महीने का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया।
यूरोप यात्रा के दौरान टीम ने स्वीडन की सीनियर टीम के खिलाफ पांच दोस्ताना मैच भी खेले। यूरोप से लौटने के बाद, टीम ने कोलकाता में अभ्यास शिविर में भाग लेकर अंतिम तैयारियों को पूरा किया।
भारतीय टीम
गोलकीपर : मोनालिसा देवी एम, नंदिनी, रिबांसी जामू
डिफेंडर : अलका इंदवार, सिंडी आर कोलनी, निशिमा कुमारी, रेमी थोकचोम, रूचि यादव, सहीना टीएच, शुभांगी सिंह, टी चानू तोइजाम
मिडफील्डर : अंजू चानू कायेनपेइबाम, अरिना देवी एन, भूमिका देवी, मोनिशा सिंघा, नेहा, पूजा, श्रुति कुमारी
फॉरवर्ड: बबीता कुमारी, दीपिका पाल, लिंगदेइकिम, शिलजी शाजी, सिबानी देवी एन, सुलांजना राउल



