Trending

मथीशा पथिराना फिट, केकेआर को बड़ी राहत, डेथ ओवरों में होगी कमाल की गेंदबाजी

आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ी राहत मिली है। टी20 विश्व कप के दौरान चोटिल हुए श्रीलंका के मथीशा पथिराना अब पूरी तरह फिट हो चुके हैं। डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की काबिलियत की वजह से उन्हें बेबी मलिंगा के नाम से जाना जाता है।

श्रीलंका के क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को पुष्टि की कि पथिराना फिट हैं और अब वह आईपीएल में खेल सकते हैं। श्रीलंका के इस खिलाड़ी को केकेआर ने पिछले साल दिसंबर में हुई मिनी नीलामी में 18 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि में खरीदा था।

केकेआर के एक और स्टार पेसर हर्षित राणा भी चोट की वजह से आईपीएल 2026 के ज्यादातर मैचों में नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में पथिराना का फिट होना टीम के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आया है।

साभार : गूगल

श्रीलंका क्रिकेट के सेक्रटरी बंडुला दिसानायके ने गुरुवार को एक न्यूज एजेंसी को बताया कि तेज गेंदबाज पथिराना ने रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली है और उन्हें आईपीएल में खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया है।

दिसानायके ने कहा, ‘जहां तक मैं जानता हूं, वह फिट हैं और उन्हें आईपीएल में खेलने के लिए एनओसी दिया जा चुका है। इस वक्त मेरे पास इसे लेकर यही जानकारी है।’

उन्होंने आगे बताया, ‘वह रिहैब पूरा कर चुके हैं और वह फिट हैं। लेकिन वह कितने तैयार हैं इसका आंकलन तो फ्रेंचाइजी करेगी। इस वक्त हमें उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। जहां तक हमें पता है वो ये है कि वह फिट हैं आईपीएल में शामिल होने के लिए तैयार हैं।’

मथीशा पथिराना को टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान कॉफ इंजरी हो गई थी। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से तो ये पुष्टि हो चुकी है कि पथिराना पूरी तरह फिट हो चुके हैं लेकिन वह केकेआर के स्क्वाड के साथ कब जुड़ेंगे, इस पर फ्रेंचाइजी की तरफ से फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

केकेआर का स्क्वाड 25 मार्च को मुंबई के लिए रवाना होगा। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से अभियान की शुरुआत करेगी। मुंबई के खिलाफ मैच के बाद केकेआर की टीम कोलकाता वापस लौट आएगी जहां उसके अगले 3 मैच अपने होमग्राउंड ईडन गार्डन्स में खेलने हैं।

केकेआर का दूसरा मुकाबला 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से, तीसरा मुकाबला 6 अप्रैल को पंजाब किंग्स और चौथा मुकाबला 9 अप्रैल को लखनऊ सुपर जॉइंट्स से है और ये तीनों ही मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाएंगे।

Related Articles

Back to top button