पेनाल्टी शूटआउट में शानदार प्रदर्शन, लखनऊ हास्टल बना चैंपियन
राज्य सब जूनियर बालक हॉकी में लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज को 4-2 से हराया
लखनऊ। लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल ने राज्य सब जूनियर बालक हॉकी चैंपियनशिप का खिताब पेनाल्टी शूटआउट में शानदार प्रदर्शन के सहारे अपने नाम कर लिया।
गोमतीगनर स्थित मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल ने लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज को 4-2 से मात दी। मैच में दोनों ही टीमें निर्धारित समय में 3-3 से बराबरी पर थी।
उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के तत्वावधान में खेली जा रही चैंपियनशिप के रोमांचक फाइनल में स्पोर्ट्स हास्टल से शाहरुख अली ने 12वें मिनट में पहला गोल दागा। जवाब में लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज से अजय यादव ने 24वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील किया।

फिर लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल से करन धानुक ने 26वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदला जबकि शाहरुख अली ने 55वें मिनट में अपना दूसरा व टीम का तीसरा गोल दागा।
वहीं लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज से धीरज पाल ने 49वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदला जबकि मोहम्मद दानिश ने 57वें मिनट में मैदानी गोल दागा। निर्धारित समय में दोनों ही टीमें 3-3 से बराबरी पर रही।
फिर पेनाल्टी शूटआउट में लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल से आकिब राइनी, राघवेंद्र, सिंह चौहान, प्रहलाद राजभर, राहुल यादव ने गोल दागे। वहीं लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज से कृष्णा यदुवंशी व धीरज पाल ही गोल करने में सफल हो सके।
समापन समारोह में खेल निदेशक डॉ आरपी सिंह, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ आनन्देश्वर पाण्डेय सहित यूपी हॉकी के महासचिव रजनीश मिश्रा ने पुरस्कार वितरित किए।



