Trending

पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए तृणमूल के चार और भाजपा से एक उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

कोलकाता : पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए पांच उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। सोमवार को इन सभी को निर्वाचन अधिकारियों की ओर से विजयी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

 

निर्वाचित उम्मीदवारों में तृणमूल कांग्रेस के राजीव कुमार, बाबुल सुप्रियो, कोयल मल्लिक और मेनका गुरुस्वामी शामिल हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी के राहुल सिन्हा भी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

 

सोमवार को कोलकाता में चुनाव आयोग की ओर से राजीव कुमार, बाबुल सुप्रियो, कोयल मल्लिक और राहुल सिन्हा ने अपने-अपने विजयी प्रमाणपत्र प्राप्त किए, जबकि मेनका गुरुस्वामी की ओर से राज्य के मंत्री अरूप विश्वास ने प्रमाणपत्र ग्रहण किया।

 

पिछले कुछ दिनों से कोयल मल्लिक के सक्रिय राजनीति में आने को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। गुरुवार को वह अपने पति के साथ राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं। उस समय उन्होंने कहा था कि यदि उन्हें सभी का आशीर्वाद और समर्थन मिला तो वह अपनी जिम्मेदारी निभाने का पूरा प्रयास करेंगी।

 

इसी दिन बाबुल सुप्रियो ने भी अपना नामांकन दाखिल किया था, जबकि मेनका गुरुस्वामी भी नामांकन प्रक्रिया में शामिल हुई थीं। दूसरी ओर भाजपा के राहुल सिन्हा ने भी विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र जमा किया था।

 

इससे पहले संसद के उच्च सदन के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसके तहत 26 फरवरी को 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि पांच मार्च, नामांकन पत्रों की जांच छह मार्च और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि नौ मार्च निर्धारित की गई थी।

 

चूंकि पश्चिम बंगाल की इन पांच सीटों के लिए उतने ही उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, इसलिए किसी प्रकार के मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए।

 

राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद बाबुल सुप्रियो ने इसे खुशी का अवसर बताते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक बड़ा सम्मान है और वह पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।——————

Related Articles

Back to top button