Trending

डायमंड हार्बर की नई उड़ान, अनुभव के दम पर जवाब देगा श्रीनिधि डेक्कन

इंडियन फुटबॉल लीग

कोलकाता : श्री निधि डेक्कन एफसी और आई-लीग 2 चैंपियन डायमंड हार्बर एफसी शनिवार, 28 फरवरी 2026 को कल्याणी स्टेडियम में इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 अभियान की शुरुआत करेंगे। मैच का किक-ऑफ भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे होगा।

आई-लीग 2 खिताब जीतकर पदोन्नति हासिल करने के बाद डायमंड हार्बर एफसी आईएफएल में पदार्पण कर रहा है, जबकि श्रीनिधि डेक्कन एफसी देश की दूसरे स्तर की प्रतियोगिता में लगातार अपने पांचवें सत्र में प्रवेश कर रहा है। घरेलू टीम की कमान अनुभवी कोच किबु विकुना के हाथों में होगी, जो क्लब के साथ अपने लगातार तीसरे सत्र में हैं।

उनके मार्गदर्शन में टीम ने डूरंड कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था, जहां उसे ईस्ट बंगाल एफसी से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। विकुना के पास भारत में अपने पहले सत्र में मोहन बागान के साथ 2019-20 आई-लीग खिताब जीतने का अनुभव भी है।

आईएफएल में अपने पहले मैच से पहले विकुना ने कहा, “हमें खुशी है कि लीग आखिरकार शुरू हो रही है। हम लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहे हैं और अपना शत-प्रतिशत देने के लिए तैयार हैं। यह छोटा सत्र है, इसलिए गलती की गुंजाइश कम होगी। हर मैच हमारे लिए अहम होगा।

“श्रीनिधि डेक्कन प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है। उनके पास मजबूत बजट, अनुभवी खिलाड़ी और गुणवत्ता वाले विदेशी फुटबॉलर हैं। उन्होंने आई-लीग और आईएसएल दोनों में खेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों को भी शामिल किया है। यह निश्चित रूप से कठिन मुकाबला होगा।”

डायमंड हार्बर की अगुवाई अनुभवी स्ट्राइकर लुका माजचेन करेंगे, जिन्होंने पहले गोकुलम केरल एफसी और पंजाब एफसी के साथ आई-लीग खिताब जीता है।  पंजाब के साथ अपने विजयी अभियान में वह लीग के शीर्ष स्कोरर भी रहे थे। उनके साथ पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जॉबीजस्टिन और हलिचरण नारजारी टीम को मजबूती देंगे।

माजचेन ने कहा, “यह शायद सबसे कठिन सत्र हो सकता है क्योंकि छोटे प्रारूप में आप ज्यादा गलतियां नहीं कर सकते। हमें पहले मैच से लेकर आखिरी मैच तक फोकस बनाए रखना होगा। हम छह महीनों से तैयारी कर रहे हैं। यह सामान्य मैच है, लेकिन मानसिक रूप से पहला मैच हमेशा खास और महत्वपूर्ण लगता है।”

दूसरी ओर, श्रीनिधि डेक्कन ने नएसत्र से पहले कार्लोसवाज़पिंटो को दोबारा मुख्य कोच नियुक्त किया है, जो पुर्तगाल के क्लब डेस्पोर्टिवो डी माफ्रा से वापसी कर रहे हैं। हैदराबाद स्थित क्लब ने पिछले सत्र में नौवें स्थान पर रहने वाली टीम के मुख्य ढांचे को बरकरार रखा है और इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है।

पहले मैच से पहले कार्लोस वाज़ पिंटो ने कहा, “हमारी तैयारी अच्छी रही। भारतीय फुटबॉल के लिए यह चुनौतीपूर्ण समय था और ब्रेक लंबा रहा, लेकिन हमने सही समय पर तैयारी शुरू की। टीम के आसपास सकारात्मक माहौल है। हालांकि, हमें एक कठिन और प्रतिस्पर्धी लीग की उम्मीद है।

इस सत्र का प्रारूप अलग है और कई टीमों के पास मजबूत स्क्वॉड और अनुभवी कोच हैं। कई क्लब आईएसएल में पदोन्नति का लक्ष्य लेकर उतरेंगे, इसलिए लीग बेहद प्रतिस्पर्धी होगी।”

श्रीनिधि डेक्कन अनुभवी खिलाड़ियों जैसे डेविड कास्टानेडा, आई-लीग विजेता ब्रैंडन वानलालरेमडिका, भास्कर रॉय और मुहम्मद हम्माद पर भरोसा करेगी। हम्माद ने 2023-24 आई-लीग सत्र में सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का जरनैल सिंह अवॉर्ड जीता था। साथ ही राशिद सीके, सी लालचुंगनुंगा और आर लालबियाकलियाना जैसे युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा भी टीम को मजबूती देगी।

क्लब के कप्तान और स्ट्राइकर डेविड कास्टानेडा ने कहा, “यह क्लब के साथ मेरा पांचवां वर्ष है और मेरा मानना है कि इस सत्र में हमारे पास मजबूत टीम है। भारतीय और विदेशी दोनों खिलाड़ी पेशेवर और अच्छे इंसान हैं। माहौल सकारात्मक है और हमें उम्मीद है कि हम हर मैच में मजबूती से प्रतिस्पर्धा करेंगे।

“हम चाहते हैं कि शहर और राज्य को इस बात पर गर्व हो कि हम तेलंगाना फुटबॉल का प्रतिनिधित्व कैसे करते हैं। तेलंगाना की फुटबॉल विरासत मजबूत है और हैदराबाद ने हाल के वर्षों में आईएसएल में अच्छा प्रदर्शन किया है। अब राज्य में हम ही एकमात्र पेशेवर फुटबॉल टीम हैं, जो बड़ी जिम्मेदारी है। हम हर मैच में पूरी प्रतिबद्धता के साथ उतरेंगे। हमारा ध्यान मैच दर मैच आगे बढ़ने पर है।”

दोनों टीमें सत्र की सकारात्मक शुरुआत करने के इरादे से उतरेंगी। डायमंड हार्बर एफसी अपने घरेलू दर्शकों के सामने मजबूत छाप छोड़ना चाहेगा, जबकि श्रीनिधि डेक्कन एफसी अपने अनुभव का लाभ उठाने की कोशिश करेगा। शनिवार का यह मुकाबला नए सत्र की दिशा तय करने वाला अहम संकेत साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button