टी20 वर्ल्ड कप : हैरी ब्रूक के शतक से इंग्लैंड की लगातार तीसरी जीत
दो विकेट की हार के चलते पाकिस्तान की राह मुश्किल
टी20 वर्ल्ड कप में मंगलवार को इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर अपनी जीत की हैट्रिक पूरी की। कप्तान हैरी ब्रूक की शानदार शतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान द्वारा दिए गए 165 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में हासिल किया।
इंग्लैंड की शुरुआत एकदम निराशाजनक रही, जहां पहली ही गेंद पर फिल साल्ट बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए। जोस बटलर की फॉर्म भी इस मैच में नहीं सुधरी, और वह केवल 2 रन बनाकर शाहीन अफरीदी के शिकार बने। जैकब बेथेल 8 रन और टॉम बैंटन 2 रन बनाकर आउट हो गए।
इस कठिन स्थिति में इंग्लैंड का नेतृत्व करते हुए कप्तान हैरी ब्रूक ने अपनी टीम को वापस ट्रैक पर लाया। ब्रूक ने सैम करन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की।
करन 16 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन ब्रूक ने अपनी पारी को संजीदगी से खेलते हुए अपने टी20 करियर का पहला शतक 50 गेंदों में पूरा किया। कप्तान ने केवल 51 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के थे। विल जैक्स ने 23 गेंदों में 28 रन बनाए।

पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की, जब मोहम्मद नवाज ने 19वें ओवर में विल जैक्स और जेमी ओवरटन को आउट कर इंग्लैंड को दबाव में डाल दिया। लेकिन 20वें ओवर की पहली गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने चौका लगाकर इंग्लैंड को जीत दिला दी।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 164 रन बनाए। पाकिस्तान से साहिबजादा फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 63 रन बनाए, जबकि फखर जमान ने 25 रन और बाबर आजम ने 24 गेंदों में 25 रन बनाए।
शादाब खान ने अंतिम ओवरों में तेजी दिखाते हुए 11 गेंदों में 23 रन जोड़े। गेंदबाजी में इंग्लैंड से लियाम डॉसन ने 4 ओवर में 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर ने 32 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि जेमी ओवरटन ने 2 विकेट निकाले।
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सुपर-8 राउंड में लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जिससे उनकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना मजबूत हो गई। वहीं, पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह अब और कठिन हो गई है।



