मिलर की रणनीति का फल: दक्षिण अफ्रीका ने भारत जैसी मजबूत टीम को हराया
टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच में भारत के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने वाली दक्षिण अफ्रीका टीम ने स्पिनर वरूण चक्रवर्ती को निशाना बनाने के लिए एक शांत और रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाया।
आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर ने मैच के बाद बताया कि इस योजना का मूल मंत्र था – शांत दिमाग, सीमित मूवमेंट और मजबूत इरादा। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को रविवार को 76 रन से मात दी।
भारत के लिए फॉर्म में चल रहे वरूण चक्रवर्ती को ‘ट्रंपकार्ड’ माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने चार ओवर में 47 रन दिए। इसके पीछे मिलर (35 गेंद में 63 रन) और डेवाल्ड ब्रेविस (29 गेंद में 45 रन) की आक्रामक पारी का बड़ा हाथ रहा।
मिलर ने कहा, ‘‘हमारी रणनीति यह सुनिश्चित करना थी कि अगर वह कोई कमजोर गेंद डालते हैं तो हम उसे मजबूती से खेल सकें। गेंद ज्यादा स्पिन नहीं कर रही थी, इसलिए यही सही रास्ता था।’’ उन्होंने जोर देकर कहा कि दबाव बनाना जरूरी था क्योंकि चक्रवर्ती हर टीम के लिए चुनौती बने हुए हैं।

अपने खेल को लेकर उन्होंने बताया कि सफलता की कुंजी ‘बेसिक्स’ पर अडिग रहना है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह सुनिश्चित करना जरूरी था कि सरल चीजों पर फोकस बनाये रखें – श्वास, विकेटों के बीच दौड़, सीमित मूवमेंट। ये छोटी चीजें हैं, लेकिन मैं इन्हीं पर ध्यान देता हूं।’’
दक्षिण अफ्रीका की जीत के महत्व पर मिलर ने कहा, ‘‘भारत जैसी बेहतरीन टीम को भी हराया जा सकता है। इस तरह के टूर्नामेंट में हमारी कोशिश होती है कि हम सरल चीजों पर ध्यान दें और लक्ष्य से भटके नहीं। हमारी टीम काफी परिपक्व है और हम साथ में काफी क्रिकेट खेल चुके हैं।’’



