Trending

पडिक्कल का पहला दोहरा शतक, 689 रन के साथ कर्नाटक मजबूत

रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में कर्नाटक ने उत्तराखंड पर दबदबा कायम रखते हुए अपनी बल्लेबाजी की गहराई और निरंतरता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम ने छह विकेट पर 689 रन बनाकर मैच पर मजबूत पकड़ बनाई, जिसमें कप्तान देवदत्त पडिक्कल का ऐतिहासिक दोहरा शतक केंद्र में रहा।

देवदत्त पडिक्कल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर का पहला दोहरा शतक जमाते हुए 330 गेंदों पर 29 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 232 रन बनाए। उन्होंने 288 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। दूसरे दिन कर्नाटक ने दो विकेट पर 355 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसी लय को कायम रखा।

पडिक्कल ने करूण नायर (105 गेंद में 60 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 129 रन की अहम साझेदारी की। उत्तराखंड को पहली सफलता अभय नेगी ने दिलाई, जिन्होंने करूण नायर को विकेटकीपर सौरभ रावत के हाथों कैच कराया।

पडिक्कल इसके बाद रविचंद्रन स्मरण के साथ 59 रन जोड़कर लक्ष्य रायचंदानी की गेंद पर विकेटकीपर रावत को कैच देकर पवेलियन लौटे। रविचंद्रन स्मरण ने संयम और आक्रामकता का संतुलित प्रदर्शन करते हुए 191 गेंदों में 11 चौकों की मदद से नाबाद 121 रन बनाए।

पडिक्कल के आउट होने के बाद श्रेयस गोपाल खाता खोले बिना ही आदित्य रावत की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद स्मरण ने विकेटकीपर कृतिक कृष्णा के साथ पारी को संभालते हुए 123 रन की मजबूत साझेदारी की।

कृष्णा ने 103 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 60 रन बनाए। इस साझेदारी को ऑफ स्पिनर अवनीश सुधा ने कृष्णा को आउट कर तोड़ा। इसके बाद विद्याधर पाटिल (नाबाद 35) ने स्मरण का अच्छा साथ निभाया और दोनों ने सातवें विकेट के लिए अब तक 81 रन की अटूट साझेदारी कर ली है, जिससे कर्नाटक का स्कोर 689/6 तक पहुंच गया।

इससे पहले पहले दिन भारत के टेस्ट और वनडे बल्लेबाज केएल राहुल ने 141 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी।

Related Articles

Back to top button