Trending

सना की 90 रन की तूफानी पारी बेअसर, वोल्वार्ड्ट की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी गेंद पर जीता पहला टी20

पोटचेफस्ट्रूम (सेनवेस पार्क), 11 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट के अर्धशतक और टीम के सामूहिक बल्लेबाजी प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान को पहले टी20 मुकाबले में रोमांचक अंदाज़ में 5 विकेट से हरा दिया। मुकाबले का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ। यह मैच स्थानीय समयानुसार मंगलवार देर रात खेला गया।

 

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही और टीम एक समय 64 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद कप्तान फातिमा सना ने अकेले दम पर पारी को संभाला। सना ने महज़ 41 गेंदों में 90 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें सात छक्के और नौ चौके शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 180 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

 

दक्षिण अफ्रीका की ओर से कायला रेयनेके ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने गेंदबाजी में 4 ओवर में एक मेडन सहित 13 रन देकर 2 विकेट झटके। आयांडा ह्लूबी (3/41) और नॉनकुलेलेको मलाबा ने भी शुरुआती ओवरों में पाकिस्तान पर दबाव बनाया।

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत सकारात्मक रही। ताज़मिन ब्रिट्स ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन चौथे ओवर में हुमना बिलाल का शिकार बन गईं। इसके बाद वोल्वार्ड्ट और सुने लूस ने तेजी से 62 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

 

लूस 32 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन वोल्वार्ड्ट ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 13वें ओवर में उन्होंने एक छक्का और एक चौका लगाकर पचासा जड़ा। हालांकि, इसके बाद पाकिस्तान ने वापसी करते हुए वोल्वार्ड्ट (61 रन) को स्टंप आउट कराया, जबकि डेन वान नीकेर्क और लारा गुडऑल भी जल्दी पवेलियन लौट गईं।

 

17 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 153/5 था और टीम को जीत के लिए 28 रन की जरूरत थी। अंत में कायला रेयनेके (16 गेंदों पर नाबाद 29 रन) ने मोर्चा संभाला। आखिरी ओवर में 10 रन की दरकार थी। हुमना बिलाल की पहली तीन गेंदों पर 6 रन आए। अंतिम गेंद पर दक्षिण अफ्रीका को 2 रन चाहिए थे, जिस पर रेयनेके ने शानदार छक्का जड़कर टीम को रोमांचक जीत दिला दी।

 

संक्षिप्त स्कोर:

 

पाकिस्तान – 180/9 (20 ओवर)

 

फातिमा सना 90, नतालिया परवेज 20; आयांडा ह्लूबी 3/41, कायला रेयनेके 2/13

 

दक्षिण अफ्रीका – 185/5 (20 ओवर)

 

लॉरा वोल्वार्ड्ट 61, सुने लूस 32, कायला रेयनेके 29*; नशरा संधू 2/27।

 

दक्षिण अफ्रीका ने 5 विकेट से जीत दर्ज की।

 

—————

Related Articles

Back to top button