भारत और सेशेल्स ने हिंद महासागर क्षेत्र में द्विपक्षीय रक्षा संबंध बढ़ाने पर जोर दिया
नई दिल्ली में दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई

नई दिल्ली : भारत यात्रा पर आए रिपब्लिक ऑफ सेशेल्स के विदेश मंत्री जनरल माइकल एंसेलम मार्क रोसेट से मंगलवार को रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने नई दिल्ली में मुलाकात की। दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भारत और सेशेल्स के बीच बढ़ते रक्षा और सुरक्षा सहयोग की समीक्षा करने के साथ ही हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा में योगदान देने और द्विपक्षीय रिश्ते बढ़ाने पर जोर दिया।
दोनों पक्षों ने भारत और सेशेल्स के सशस्त्र बलों के बीच होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘लामित्ये’ और क्षमता निर्माण पहल का भी स्वागत किया और संबंध मजबूत करने पर सहमत हुए। वार्ता के दौरान प्रशिक्षण, हाइड्रोग्राफी, जहाजों और एयरक्राफ्ट विजिट्स, डिफेंस डेलीगेशन विजिट्स और मैरीटाइम सिक्योरिटी के फील्ड में कोऑपरेशन पर भी चर्चा हुई। रक्षा सचिव ने अंतरराष्ट्रीय बेड़े की समीक्षा के साथ-साथ अगले हफ्ते विशाखापट्टनम में होने वाले समुद्री अभ्यास ‘मिलन’ में सेशेल्स की तरफ से हिस्सा लेने का स्वागत किया।
दोनों पक्षों ने सभी क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र उन्नति पर भी चर्चा की, जो भारत का सभी क्षेत्रों में समावेशी, सहयोगी और टिकाऊ सुरक्षा और विकास का विजन है। उन्होंने साझा चुनौतियों, खासकर समुद्री क्षेत्र, क्षमता निर्माण और विकास साझेदारी से निपटने के लिए मिलकर काम करने के तरीके के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग के भविष्य के रास्तों पर विचार-विमर्श किया, जिसमें मुख्य सैन्य क्षमताओं के आधुनिकीकरण में लंबे समय की साझेदारी के जरिए क्षमता निर्माण में लगातार सहयोग पर ध्यान दिया गया।



