Trending

टी20 विश्व कप: सिफर्ट–एलन की रिकॉर्ड साझेदारी से न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से रौंदा

न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप में मंगलवार को एकतरफा प्रदर्शन करते हुए संयुक्त अरब अमीरात को 10 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो रहे टिम सिफर्ट और फिन एलन, जिनकी आक्रामक और बेखौफ बल्लेबाज़ी ने मैच को एकतरफा बना दिया।

यूएई द्वारा दिए गए 174 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने महज 15.2 ओवर में बिना किसी विकेट के नुकसान के 175 रन बना लिए और 28 गेंद शेष रहते मुकाबला समाप्त कर दिया।

सिफर्ट (नाबाद 89) और एलन (नाबाद 84) ने पहले विकेट के लिए 92 गेंदों में 175 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की, जो टी20 विश्व कप इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने टिम सिफर्ट ने 42 गेंदों की नाबाद पारी में 12 चौके और तीन छक्के जड़े, जबकि फिन एलन ने 50 गेंदों में पांच छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 84 रन बनाए।

इस दौरान एलन ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 छक्के भी पूरे किए। दोनों बल्लेबाज़ों ने पारी की पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपनाया और यूएई के गेंदबाज़ों को कोई मौका नहीं दिया। इससे पहले यूएई ने कप्तान मोहम्मद वसीम (नाबाद 66) और अलीशाह शराफू (55) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत छह विकेट पर 173 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 107 रन की अहम साझेदारी की।

Associated Press

वसीम ने 45 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि शराफू ने 47 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के जड़े। अंतिम ओवरों में मयंक कुमार ने 13 गेंदों में दो चौके और एक छक्के से 21 रन बनाकर यूएई को इस प्रारूप के विश्व कप में अपने सर्वोच्च स्कोर तक पहुंचाया।

न्यूजीलैंड से मैट हेनरी ने अंतिम ओवर में दो विकेट झटके, जबकि जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए फिन एलन ने मैच के दूसरे ओवर में मोहम्मद रोहिद के खिलाफ चौके के साथ खाता खोला, जबकि सिफर्ट ने उसी ओवर को लगातार दो चौकों के साथ समाप्त किया। एलन ने जुनैद के खिलाफ दो छक्के जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए — एक छक्का गेंदबाज़ के सिर के ऊपर से और दूसरा डीप फाइन लेग के ऊपर से।

छठे ओवर में सिफर्ट ने रोहिद के खिलाफ एक छक्का और तीन चौके लगाकर न्यूजीलैंड को पावरप्ले में ही बिना विकेट गंवाए 78 रन तक पहुंचा दिया। पावरप्ले के बाद भी दोनों की आक्रामकता में कोई कमी नहीं आई। सिफर्ट ने हैदर अली के खिलाफ चौके के साथ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि एलन ने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा। नौवें ओवर में टीम ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया।

सिफर्ट ने हैदर अली के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाया, वहीं एलन ने मोहम्मद अरफान की गेंद को दर्शकों के बीच भेजा। अंततः 16वें ओवर में सिफर्ट ने रोहिद की गेंद पर छक्का लगाकर न्यूजीलैंड को यादगार जीत दिलाई।

इससे पहले बल्लेबाज़ी का फैसला करने उतरी यूएई की शुरुआत आक्रामक रही। आर्यांश शर्मा (8) ने दो चौके लगाए, लेकिन दूसरे ओवर में डफी की शॉर्ट गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को कैच दे बैठे। इसके बाद क्रीज पर आए शराफू ने मैट हेनरी के खिलाफ दो चौके लगाए, जबकि वसीम ने डफी की गेंद पर मैच का पहला छक्का जड़ा। पावरप्ले में यूएई ने एक विकेट पर 50 रन बनाए।

वसीम ने रचिन रवींद्र के खिलाफ और शराफू ने मिचेल सैंटनर तथा जेम्स नीशम के खिलाफ चौके जड़कर रन गति बनाए रखी। हालांकि न्यूजीलैंड के गेंदबाज़ों ने बीच के ओवरों में दबाव बनाया, लेकिन फर्ग्यूसन के खिलाफ लगातार चौका और छक्का लगाकर शराफू ने टीम को संभाले रखा। उन्होंने मैट हेनरी के खिलाफ छक्के के साथ 39 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।

15वें ओवर में सैंटनर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में शराफू आउट हुए, जहां मार्क चैपमैन ने बाउंड्री पर शानदार कैच लेकर डेरिल मिचेल को थ्रो किया और रिले कैच पूरा हुआ। अगले ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने हर्षित कौशिक (2) को आउट कर यूएई को तीसरा झटका दिया।

वसीम ने फर्ग्यूसन के खिलाफ एक रन लेकर 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद मयंक और वसीम ने फिलिप्स के एक ओवर में दो चौके और दो छक्के जड़कर 27 रन बटोरे और टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। 19वें ओवर में फर्ग्यूसन ने मयंक की 13 गेंदों में 21 रन की पारी समाप्त की।

अंतिम ओवर में शोएब खान (7) ने हेनरी के खिलाफ छक्का लगाया, लेकिन हेनरी ने अंतिम दो गेंदों पर दो विकेट लेकर यूएई को और नुकसान नहीं होने दिया।

Related Articles

Back to top button