Trending

बास डे लीडे बने प्लेयर ऑफ़ द मैच, नीदरलैंड ने नामीबिया को हराया

टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप ए मुकाबले में नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मैच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेला गया। जीत की कहानी नीदरलैंड के स्टार ऑलराउंडर बास डे लीडे की दमदार पारी और असरदार गेंदबाजी के इर्द-गिर्द घूमी।

नीदरलैंड को जीत के लिए 157 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम की शुरुआत काफी संघर्षपूर्ण रही। मैक्स ओ दाउद 16 के कुल स्कोर पर सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए और शुरुआती झटका दे दिया। तीसरे नंबर पर आए बास डे लीडे ने मैदान पर अपने जलवे बिखेरते हुए नाबाद 72 रन की शानदार पारी खेली। उनका यह प्रदर्शन टीम को 12 गेंद पहले लक्ष्य तक पहुँचाने में निर्णायक साबित हुआ।

डे लीडे ने अपनी पारी में महत्वपूर्ण साझेदारियाँ भी निभाईं। उन्होंने माइकल लेविट (28 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े और कोलिन एकरमैन (32 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 रन की अहम साझेदारी की।

अंत में कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ मिलकर 43 रन की नाबाद साझेदारी ने नीदरलैंड को जीत दिला दी। अंततः नीदरलैंड ने 18 ओवर में 3 विकेट खोकर 159 रन बनाकर मैच अपने नाम किया, और विजयी चौका बास डे लीडे के बल्ले से निकला।

AFP/Getty Images

पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने 8 विकेट पर 156 रन का स्कोर बनाया। टीम की ओर से निकोल लोफ्टी-ईटन ने सबसे ज्यादा 42 रन की पारी खेली। जान फ्राइलिंक ने 30 और जे जे स्मिट ने 22 रन बनाकर टीम को संघर्षपूर्ण स्थिति में पहुँचाया। कप्तान गेरहर्ड इरासमस ने तेज पारी खेलते हुए 18 रन बनाए।

नीदरलैंड की गेंदबाजी भी काबिल-ए-तारीफ रही। बास डे लीडे और लोगान वान बीक ने 2-2 विकेट लिए, जबकि आर्यन दत्त और फ्रेड क्लासेन ने 1-1 विकेट अपने नाम किए। बास डे लीडे की यह ऑलराउंड परफॉर्मेंस उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिलाने के लिए पर्याप्त थी।

Related Articles

Back to top button