Trending

कनाडा के संघर्ष पर भारी माक्ररम–एनगिडी का पराक्रम, दक्षिण अफ्रीका की 57 रन से जीत

टी20 विश्व कप ग्रुप डी में पदार्पण कर रही कनाडा टीम ने भले ही अपने पहले मुकाबले में हार झेली, लेकिन दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिये हर विभाग में पूरा दम लगाना पड़ा।

कप्तान एडेन माक्ररम के विस्फोटक अर्धशतक और बाद में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने सोमवार को कनाडा को 57 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

कप्तान माक्ररम ने 59 रन बनाकर पारी को दिशा दी। उनके अलावा क्विंटन डि कॉक ने 25 रन बनाये और साद बिन जफर को लगातार दो चौके जड़े। दोनों ने पहले विकेट के लिये 6.5 ओवर में 70 रन की साझेदारी कर कनाडाई गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका डि कॉक के रूप में लगा, जिन्हें कनाडा के कप्तान और दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज दिलप्रीत बाजवा ने आउट किया। माक्ररम ने बाजवा को चौका लगाकर केवल 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। रियान रिकेलटन ने भी 33 रन बनाये।

Getty Images

माक्ररम को बायें हाथ के स्पिनर अंश पटेल ने लांग ऑन पर डिलोन हेलाइगर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। रिकेलटन भी पटेल की गेंद पर हर्ष ठाकेर को सीधा कैच देकर आउट हो गये। डेवाल्ड ब्रेविस चार गेंद ही खेल सके और उसी ओवर में मिड ऑफ पर निकोलस किर्टोन को कैच थमा बैठे।

अंतिम ओवरों में अनुभवी डेविड मिलर ने नाबाद 39 रन बनाये, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 34 रन जोड़े। दोनों ने 37 गेंदों में 75 रन की अटूट साझेदारी कर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। कनाडा से अंश पटेल ने तीन विकेट लिये।

214 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर कप्तान दिलप्रीत बाजवा आउट हो गये, जिन्हें लुंगी एनगिडी की गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डि कॉक ने लपका। एनगिडी ने तीसरे ओवर में युवराज शर्मा और किर्टोन को भी आउट कर दिया। उस समय कनाडा का स्कोर तीन ओवर में तीन विकेट पर 26 रन था। नवनीत धालीवाल ने एक छोर संभाले रखा।

ICC/Getty Images

उन्होंने हर्ष ठाकेर (33 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिये 69 रन की साझेदारी कर मुकाबले में जान डाल दी। धालीवाल ने 64 रन बनाकर संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन लक्ष्य बड़ा होने के कारण दबाव बना रहा।

18वें ओवर में मार्को यानसेन ने लगातार दो विकेट लेकर कनाडा की उम्मीदों पर विराम लगा दिया। कनाडा की टीम आठ विकेट पर 156 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका के लिये लुंगी एनगिडी ने चार विकेट लेकर गेंद से अहम भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button