अभिन्न श्याम गुप्ता और अखिलेश यादव बने दोहरे चैंपियन
योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026
लखनऊ। ओलंपियन व अर्जुन अवार्डी अभिन्न श्याम गुप्ता व यूपी पुलिस के अखिलेश यादव ने अपने बेहतरीन खेल की बदौलत अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के अंतिम दिन बादशाहत साबित करते हुए दोहरी विजेता ट्रॉफी जीती।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी (लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव एवं ख्याति प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी) की स्मृति में इस चैंपियनशिप का आयोजन बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खण्ड, गोमती नगर, लखनऊ में किया गया।
चैंपियनशिप के अंतिम दिन पुरुष एकल 45 वर्ष से अधिक में ओलंपियन प्रयागराज के अभिन्न श्याम गुप्ता ने प्रभावशाली खेल दिखाते हुए प्रयागराज के ही सी. जॉन वेस्ले को 21-11, 21-5 से मात देकर खिताब जीता।
पुरुष युगल 45 वर्ष से अधिक में दूसरी वरीय प्रयागराज के अभिन्न श्याम गुप्ता व सी. जॉन वेस्ले की जोड़ी ने शीर्ष वरीय जितेंद्र सिंह व रविंद्र सिंह (मुरादाबाद/नोएडा) के खिलाफ 21-16, 21-19 से उलटफेर भरी जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी जीती।

मिश्रित युगल 35 वर्ष से अधिक में यूपी पुलिस के शीर्ष वरीय अखिलेश यादव व भावना बलियान ने सी. जॉन वेस्ले व प्रियंका पांडेय को 21-11, 21-14 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पुरुष युगल 35 वर्ष से अधिक में अखिलेश यादव व शम्स तबरेज (यूपी पुलिस /गोरखपुर) की जोड़ी ने रवि प्रताप आनंद व यशार्थ ओझा (उन्नाव/अयोध्या) को 21-11, 21-12 से मात दी।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डा नवनीत सहगल (रिटायर्ड आईएएस) ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डा सुधर्मा सिंह ने स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की धर्मपत्नी आशा ध्यानी को विशेष रूप से सम्मानित किया। आज समारोह में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरुण कक्कड़, रेफरी रविंद्र चौहान, अनंत ध्यानी, डॉ. योगेश शेट्टी, अभिजीत यादव सहित कई पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

आज अन्य फाइनल मुकाबलों में पुरुष युगल 55 वर्ष से अधिक में मेरठ के अरुण कुमार व प्रमोद कुमार ने शीर्ष वरीय अश्विनी कुमार त्यागी व धर्मेद्र शर्मा को 21-6, 21-11 से पराजित किया।
पुरुष युगल 50 वर्ष से अधिक में मेरठ के सोमेश जैन व सुनील राणा ने शीर्ष वरीय कानपुर के अर्जुन सिंह व पवन गुप्ता को 21-12, 21-13 से हराया। पुरुष एकल 65 वर्ष से अधिक में गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव ने लखनऊ के महेंद्र सिंह बोहरा को 21-16, 21-17 से हराया।
महिला एकल 35 वर्ष से अधिक में यूपी पुलिस की कुसुम रानी ने शीर्ष वरीय यूपी पुलिस की रूमा को 21-13, 21-17 से हराकर खिताब जीता। पुरुष युगल 70 वर्ष से अधिक में हापुड़ के सुधीर कुमार गोयल व सुरेंद्र कुमार त्यागी ने शीर्ष वरीय अनिल मेहरोत्रा व कमन हसन आब्दी को 21-17, 22-20 से हराया। पुरुष एकल 40 वर्ष से अधिक मे नोएडा के सौरभ सक्सेना ने शीर्ष वरीय यूपी पुलिस के आलोक कुमार मिश्रा को 21-17, 21-13 से पराजित किया।
पुरुष एकल 50 वर्ष से अधिक में शीर्ष वरीय कानपुर के अर्जुन सिंह ने लखनऊ के अनिल कुमार सिंह को 21-11, 21-8 से हराया। महिला एकल 40 वर्ष से अधिक में शीर्ष वरीय गाजियाबाद की दीपिका यादव ने गाजियाबाद की मधुमिता मिश्रा को 21-9, 21-12 से हराया।
पुरुष युगल 40 वर्ष से अधिक में शीर्ष वरीय डीबी थापा व मुकुल थापा (बरेली/लखनऊ) ने लखनऊ के अभिषेक चौहान व कपिल रवि को 21-18, 21-16 से पराजित किया। पुरुष एकल 35 वर्ष से अधिक में शीर्ष वरीय अयोध्या के यशार्थ ओझा ने दूसरी वरीय यूपी पुलिस के अखिलेश यादव को 21-16, 21-10 से हराया। पुरुष एकल 60 वर्ष से अधिक में प्रयागराज के दिनेश कपूर विजेता बने।



