अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए किया नामांकित

राघवेंद्र प्रताप सिंह: पाकिस्तान इस समय कुछ प्रभावी ताकतों से अपना मेल मिलाप बढ़ाने के प्रयास में लगा है खासकर ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह ज्यादा देखा गया है। अब पाकिस्तान ने औपचारिक रूप से बताया है कि उसकी तरफ़ से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के नाम की सिफ़ारिश की गई है। वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मैं चाहे कुछ भी कर लूं लेकिन मुझे नोबेल नहीं मिलेगा।
पाकिस्तान सरकार का कहना है, “2025 के भारत-पाकिस्तान संकट में राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व दिखाता है कि वे शांति और कूटनीति की अपनी नीति को आगे बढ़ा रहे हैं। पाकिस्तान को उम्मीद है कि ट्रंप की ये कोशिशें भविष्य में भी क्षेत्रीय और वैश्विक शांति लाने में मदद करेंगी, ख़ासकर मिडिल ईस्ट में जारी संकट, गाजा में मानवीय त्रासदी और ईरान से बढ़ते तनाव को लेकर। पाकिस्तान सरकार यह भी मानती है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने जम्मू और कश्मीर मुद्दे को सुलझाने के लिए ईमानदारी से मदद की पेशकश की है। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि यह सिफ़ारिश ट्रंप की हाल ही में भारत-पाकिस्तान संकट के दौरान निर्णायक कूटनीति और अहम नेतृत्व को देखते हुए की जा रही है।
अब तक चार अमेरिकी राष्ट्रपतियों को नोबेल शांति पुरस्कार मिला है। आख़िरी बार बराक ओबामा के रूप में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति को यह सम्मान मिला था।
थियोडोर रूज़वेल्ट : थियोडोर रूज़वेल्ट अमेरिका के 26वें राष्ट्रपति थे। 1901 में राष्ट्रपति मैकिनले की हत्या के बाद इन्हें अमेरिका का राष्ट्रपति बनाया गया था। रूस-जापान युद्ध को ख़त्म करवाने के लिए इन्हें 1906 में नोबेल शांति पुरस्कार भी दिया गया था।
वुडरो विल्सन : वुडरो विल्सन संयुक्त राज्य अमेरिका के 28वें राष्ट्रपति थे, जो 1913 से लेकर 1921 तक पद पर रहे। विल्सन को 1919 में राष्ट्र संघ की स्थापना में उनके प्रयासों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
जिमी कार्टर : जिमी कार्टर साल 1977 से लेकर 1981 तक अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति थे. कार्टर को साल 2002 में विश्व शांति, जलवायु परिवर्तन और मानवाधिकार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पिछले साल 100 साल की उम्र में उनका देहांत हुआ था और वे अमेरिकी इतिहास में सबसे ज़्यादा समय तक जीवित रहने वाले पूर्व राष्ट्रपति थे।
बराक ओबामा : अमेरिका के 44वें राष्ट्रपति बराक ओबामा को साल 2009 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और देशों के बीच सहयोग को मज़बूत करने के उनके प्रयासों के लिए दिया गया था।


