Trending

कोहली–पडिक्कल की तूफानी बैटिंग, सनराइजर्स हैदराबाद पर आरसीबी की शानदार जीत

देवदत्त पडिक्कल (61 रन), विराट कोहली (नाबाद 69 रन) से गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आईपीएल 2026 सत्र की शुरूआत शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद पर छह विकेट से जीत के साथ की।

पडिक्कल और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिये सिर्फ 45 गेंद में 101 रन की साझेदारी से आरसीबी ने जीत के लिये 202 रन के लक्ष्य के जवाब में 15 . 4 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाये।

फिल साल्ट के जल्दी आउट होने के बाद कोहली और पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पडिक्कल ने तेज गेंदबाज डेविड पेन के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया जबकि स्पिनर हर्ष दुबे को लगातार चौका छक्का जड़ा। उन्होंने हर्षल पटेल को चौका लगाकर सिर्फ 21 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

BCCI

कोहली ने तेज गेंदबाजों जयदेव उनादकट और ऐशान मलिंगा को नसीहत दी। पावरप्ले में आरसीबी ने 76 रन बना लिये थे और सौ रन 8 . 1 ओवर में बन गए। पडिक्कल को हेनरिच क्लासेन ने पवेलियन भेजा जिन्होंने हर्षल की गेंद पर पहले लांग आन में कोहली का कैच टपकाया था जब वह 28 रन पर थे।

कोहली ने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंद में 31 रन बनाये। कोहली ने आखिर में 16वें ओवर में हर्षल की चार गेंदों पर छक्का और तीन चौके लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन के 38 गेंद में 80 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ विकेट पर 201 रन बनाये। ईशान ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाये। उन्होंने चौथे विकेट के लिये हेनरिच क्लासेन (31) के साथ 97 रन की साझेदारी की।

AFP/Getty Images

आरसीबी के कप्तान पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर करीब दस महीने बाद क्रिकेट की वापसी हुई है। पिछले साल आरसीबी के पहली बार खिताब जीतने के बाद जश्न में मची भगदड़ के दौरान 11 प्रशंसकों की मौत होने से इस मैदान पर क्रिकेट नहीं हो रहा था।

आरसीबी के लिये जैकब डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिये। न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने अपने कद का पूरा इस्तेमाल करते हुए बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। अभिषेक शर्मा (सात) खुलकर खेल नहीं सके हालांकि उन्होंने डफी को बैकवर्ड प्वाइंट पर छक्का लगाया था।

शॉर्ट गेंद के सामने हमेशा असहज होने वाले अभिषेक ने डफी की गेंद पर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच थमाया। इससे पहले शुरूआती ओवर में ही अभिषेक को डफी की ही गेंद पर विकेट के पीछे लपके जाने की अपील पर आरसीबी ने एक डीआरएस रिव्यू गंवा दिया था।

ट्रेविस हेड और नीतिश कुमार रेड्डी को भी डफी ने आउट किया। सनराइजर्स ने पांचवें ओवर में ही 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे और पावरप्ले के बाद स्कोर तीन विकेट पर 49 रन था।

ईशान ने दबाव में आये बिना साहसिक पारी खेली और 27 गेंद में अर्धशतक पूरा कर दिया। उन्होंने अभिनंदन सिंह को एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया। इसके बाद स्पिनर कृणाल पंड्या को भी दो छक्के जड़े।

अभिनंदन ने ही हालांकि ईशान को डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर फिल साल्ट के हाथों लपकवाया। आखिरी पांच ओवरों में सनराइजर्स के बल्लेबाज 59 रन ही बना सके। अनिकेत वर्मा ने 18 गेंद में 43 रन बनाये जिन्हें भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने 26 के स्कोर पर जीवनदान दिया था।

Related Articles

Back to top button