समय रहते काबू हुई जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में लगी आग
नई दिल्ली : जिम्बाब्वे में उस टाइम बड़ी दुर्घटना होने से बची जब हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आग लगी। इस आग से ना तो मैदान को और ना ही किसी शख्स को नुकसान पहुंचा है। समय रहते फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया, इसकी जांच जारी है कि यह आग कैसे लगी।
फायर ब्रिगेड की त्वरित प्रतिक्रिया ने यह सुनिश्चित किया कि दक्षिण-पश्चिम स्टैंड के पीछे लगी आग से मैदान को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। आईसीसी सुरक्षा टीम, जिम्बाब्वे क्रिकेट ने निरीक्षण किया और फैसला लिया कि बाकी मैच बिल्कुल योजना के अनुसार होंगे।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने एक बयान में आग लगने की पुष्टि की। बता दें, इस समय जिम्बाब्वे में ही वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2023 के मैच खेले जा रहे हैं। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने अपने बयान में कहा, ‘जिम्बाब्वे क्रिकेट इस बात की पुष्टि करता है कि कल रात आयोजन स्थल के दक्षिण-पश्चिम ग्रैंडस्टैंड के पीछे हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आग लगी।

हरारे सिटी फायर ब्रिगेड की त्वरित प्रतिक्रिया ने सुनिश्चित किया कि आग की लपटें तुरंत बुझ गईं और किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में कल होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर 2023 का मैच प्रभावित नहीं होगा और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को जिम्बाब्वे बनाम नीदरलैंड्स मैच के 6 घंटे बाद आग की लपटें दिखाई दी थी।



