Trending

दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप में आद्या चौहान ने जीता कांस्य

लखनऊ। बांग्लादेश में आयोजित दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप में लखनऊ की युवा खिलाड़ी आद्या चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही लखनऊ के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत एवं दो कांस्य पदक जीते।

वर्ल्ड कराटे फेडरेशन एवं एशियन कराटे फेडरेशन के तत्वावधान में बांग्लादेश कराटे फेडरेशन द्वारा 15 से 19 जुलाई 2026 तक आयोजित 10वीं कैडेट, जूनियर, अंडर-21 व सीनियर दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप तथा द्वितीय अंडर-14 दक्षिण एशिया कराटे कप में आद्या ने बालिका सब जूनियर कुमिते (55 किलोग्राम से अधिक) भार वर्ग में दमदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक जीता।

कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के महासचिव जसपाल सिंह ने बताया कि आद्या चौहान का यह पदक उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप में लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले लखनऊ के खिलाड़ियों ने बालक जूनियर टीम काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ व्यक्तिगत स्पर्धाओं में रजत और कांस्य पदक भी अपने नाम किए थे।

आद्या चौहान की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के चेयरमैन कुणाल सिल्कू (आईएएस), अध्यक्ष टी.पी. हवेलिया, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी, आयोजन समिति के चेयरमैन संतोष जायसवाल तथा कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के सचिव कृष्णा अवतार ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button