देहरादून-रामनगर के बीच 18 जुलाई से सीधी ट्रेन सेवा की होगी शुरुआत

देहरादून ( इंडियन व्यू टीम) : उत्तराखंड के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ 18 जुलाई से होगा। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से चल रही मांग अब पूरी होने जा रही है। इसके अलावा लालढांग-चिल्लरखाल सड़क पर सवारी वाहनों की आवाजाही का रास्ता साफ हो गया है।
बलूनी ने बताया कि पहले चरण में यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। यात्रियों की संख्या के आधार पर भविष्य में इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाया जाएगा। बलूनी ने कहा कि कॉर्बेट सिटी के नाम से प्रसिद्ध रामनगर राज्य का प्रमुख पर्यटन केंद्र है।
इस नई रेल सेवा से स्थानीय नागरिकों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही देश भर से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु भी कॉर्बेट नेशनल पार्क सहित राज्य के विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लालढांग-चिल्लरखाल सड़क पर सवारी वाहनों की आवाजाही का रास्ता साफ हो गया है। सर्वोच्च न्यायालय की सेंट्रल एंपावर्ड कमेटी ने मार्ग से जुड़े सर्वोच्च न्यायालय के आदेश में प्रयुक्त कमर्शियल वाहन शब्द को लेकर पैदा हुए भ्रम को समाप्त करते हुए अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन को मंजूरी दे दी है।
मंगलवार को मीडिया को जारी बयान में बलूनी ने बताया कि कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय के बाद अब इस सड़क पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, गढ़वाल मोटर ओनर यूनियन की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन को स्वीकृति मिल गई है। बाद में यात्रियों की संख्या के आधार पर भविष्य में इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाया जाएगा।



