Trending

भारतीय शटलरों का जलवा, रौनक के साथ तन्वी, रक्षिता, देविका और श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में

युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी रौनक चौहान ने अमेरिकी ओपन में बड़ा उलटफेर करते हुए चीनी ताइपे के दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी और शीर्ष वरीय चाउ टिएन चेन को सीधे गेम में हराया।

भारत की कांस्य पदक जीतने वाली विश्व जूनियर टीम में शामिल रहे दुनिया के 80वें नंबर के खिलाड़ी रौनक ने गुरुवार को टिएन को 21-17, 26-24 से हराया और इजराइल के मिशा जिल्बरमैन के साथ क्वार्टर फाइनल मुकाबला तय किया।

भारत के रौनक ने शुरू से ही अपने अधिक अनुभवी प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा। हालांकि टिएन 17-15 तक आगे रहे लेकिन इसके बाद रौनक ने लगातार छह अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में अधिकतर समय टिएन का दबदबा रहा और वह 17-11 से आगे थे लेकिन फिर रौनक ने लगातार छह अंक जीतकर जोरदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया।

साभार : गूगल

इसके बाद कड़ा मुकाबला हुआ जिसमें रौनक ने चार गेम प्वाइंट बचाए और फिर अपने दूसरे मैच प्वाइंट को भुनाते हुए 49 मिनट में जीत हासिल की। महिला एकल में विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा, रक्षिता श्री और देविका सिहाग भी अंतिम आठ में पहुंच गईं।

पांचवीं वरीय तन्वी ने चीनी ताइपे की तुंग सिउ तोंग को 21-12, 21-19 से हराया जबकि रक्षिता ने भी चीनी ताइपे की ही चेन सु यू को 21-4, 21-19 से शिकस्त दी। छठी वरीय देविका ने थाईलैंड की टोनरुग साएहेंग को 21-17, 21-19 से हराया। अनुभवी किदांबी श्रीकांत ने पुरुष एकल में मलेशिया के ली जी जिया को 21-14, 21-13 से हराकर भारत के लिए एक शानदार दिन का समापन किया।

Related Articles

Back to top button