Trending

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर कुमार विश्वास का तंज, बोले- ‘भारत को नेपाल बनाने की कोशिश हो रही’

CJP Protest : दिल्ली के जंतर मंतर पर शनिवार (6 जून) को आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर कवि कुमार विश्वास का बड़ा बयान सामने आया है। नैनीताल में एक कार्यक्रम के दौरान कुमार विश्वास ने इस प्रदर्शन पर तंज कसते हुए कहा कि देश का युवा उस समय खड़ा है जब जर्मनी में बैठा युवक अमेरिका में बैठे दूसरे युवक के साथ मिलकर तुर्किए के लाइक्स के सहारे भारत को नेपाल बनाने का प्रयास कर रहा है।

 

कुमार विश्वास ने बिना नाम लिए यूट्यूबर ध्रुव राठी और कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि जब देश के युवा अपने संस्कार दिखाने के लिए खड़े हैं, तब कहीं न कहीं जागरूकता की झलक दिख रही है।”

 

इसके अलावा, कुमार विश्वास ने पहले भी कॉकरोच जनता पार्टी पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि कॉकरोच जैसे जीव घर के अंधेरे कोनों में झुंड में रहते हैं और घर की अच्छी चीजों को खराब कर देते हैं। गंदगी में पनपने वाले इन जीवों का निष्कासन जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे घर में कॉकरोच से बचने के लिए दवाई का इस्तेमाल किया जाता है, वैसे ही देश में भी जब कॉकरोच पैदा हो गए हैं, तो उन्हें खत्म करने के लिए हिट जैसी दवाइयां मौजूद हैं।

 

बात करें, तो दिल्ली में इस ऑनलाइन संगठन के प्रदर्शन में शनिवार को बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। प्रदर्शन में कई लोग कॉकरोच के मुखौटे पहने हुए नजर आए और उनके हाथों में फूल भी थे। स्कूली छात्र भी अपने माता-पिता के साथ इस प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे थे। प्रदर्शन स्थल पर भारी संख्या में छात्र-छात्राएँ नारे लगाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

 

प्रदर्शन का उद्देश्य नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) जैसी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करना था। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन में आए लोगों से पुलिसकर्मियों को ‘करुणा और कृतज्ञता के प्रतीक’ के रूप में फूल भेंट करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि इस आंदोलन को ‘प्रेम और शांति’ के साथ किया जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button