Trending

सहारनपुर में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, 1 लाख का इनामी अहसान कपूरी ढेर, SSP की जैकेट में लगी गोलियां

Saharanpur : सहारनपुर में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश अहसान कपूरी मारा गया। दिनदहाड़े हुई इस मुठभेड़ के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर सघन कांबिंग अभियान चलाया गया।

 

जानकारी के अनुसार, चिलकाना थाना प्रभारी विनोद कुमार अपनी टीम के साथ हरड़ाखेड़ा क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों बदमाश मोटरसाइकिल मोड़कर सरसावा की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी पर फायरिंग कर दी, जिससे वाहन के शीशे में गोली लग गई। इसके बाद नियंत्रण कक्ष को सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।

 

भागते हुए बदमाश औद्योगिक क्षेत्र के पास एक बाग में घुस गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। इसी दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बदमाशों को चारों ओर से घेरकर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो गोलियां एसएसपी और थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगीं, जिससे वे सुरक्षित रहे।

मुठभेड़ के दौरान सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा के बाजू में गोली लगी, जबकि सर्विलांस शाखा के प्रधान आरक्षी सोनू शर्मा के हाथ में गोली लगने से वे घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश अहसान कपूरी भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाश अहसान कपूरी पर लूट, डकैती और रंगदारी समेत 30 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे और वह बेहट थाने से एक लाख रुपये का इनामी अपराधी था। मौके से चार अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। फरार दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस का कांबिंग अभियान जारी है।

Related Articles

Back to top button