दो सीजन बाद ऋषभ पंत का सफर पूरा, लखनऊ सुपर जायंट्स नए कप्तान की तलाश में
ऋषभ पंत ने आईपीएल में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ दी है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने बयान में कहा, “ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी से अपनी कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया था, जिसे फ्रेंचाइजी ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।”
पंत को आईपीएल 2025 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ में खरीदा था और उन्होंने दो सत्रों तक टीम की कप्तानी की। इस दौरान उन्होंने दोनों सीजन मिलाकर 581 रन बनाए। पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने दो सीजन में कुल 28 मुकाबलों में से 10 मैच जीते।
लखनऊ सुपर जायंट्स के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, “ऐसे फैसले कभी आसान नहीं होते। कप्तान के रूप में ऋषभ ने ड्रेसिंग रूम के लिए जो योगदान दिया, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। अब हमारा ध्यान सामूहिक रूप से टीम के पुनर्निर्माण और पुनर्गठन पर है, ताकि हम सर्वोत्तम स्तर तक पहुंच सकें।”

आईपीएल 2026 का सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए बेहद निराशाजनक रहा। टीम पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष करती नजर आई और अंक तालिका में सबसे आखिरी यानी 10वें स्थान पर रही।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस सीजन 14 लीग मुकाबले खेले, जिनमें टीम को केवल 4 मैचों में जीत मिली, जबकि 10 मुकाबलों में हार मिली। टीम का नेट रन रेट भी काफी खराब रहा और एलएसजी ने -0.740 के नेट रन रेट के साथ अपना अभियान समाप्त किया।
प्लेऑफ से बाहर होने वाली शुरुआती टीमों में भी लखनऊ सुपर जायंट्स शामिल रही। घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में भी टीम अपने प्रशंसकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और लगातार खराब प्रदर्शन ने निराश किया।
Official announcement. pic.twitter.com/7WeOwpkDr6
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) May 29, 2026
कप्तान ऋषभ पंत का प्रदर्शन भी उम्मीदों के अनुरूप नहीं आईपीएल 2025 की नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदे गए पंत बल्ले से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। उन्होंने 14 मैचों की 13 पारियों में केवल 312 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 138.05 रहा, जो उनके टी20 स्तर और आक्रामक बल्लेबाजी शैली के मुकाबले काफी साधारण माना जा रहा है।
टीम की खराब कप्तानी, बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी और गेंदबाजी इकाई के कमजोर प्रदर्शन को एलएसजी के खराब अभियान का प्रमुख कारण माना जा रहा है।



