Trending

सिंगापुर ओपन क्वार्टर फाइनल में सिंधु बाहर, एन से यंग का दबदबा बरकरार

भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधु विश्व नंबर एक एन से यंग के सामने लगातार दबाव बनाए रखने के लिए जरूरी निरंतरता नहीं दिखा सकीं और शुक्रवार को सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में हारकर उनका अभियान समाप्त हो गया।

कोरिया की खिलाड़ी एन से यंग ने इस मुकाबले को 21-17, 21-14 से जीतकर सिंधू पर अपना दबदबा कायम रखा। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने बीच-बीच में अपने आक्रामक खेल की झलक दिखाई और कुछ चरणों में कोरियाई खिलाड़ी पर दबाव बनाने में सफल रहीं, लेकिन निर्णायक क्षणों में एन से यंग का बेहतर नियंत्रण, बेहतरीन मूवमेंट और महत्वपूर्ण अंकों को भुनाने की क्षमता हावी रही।

इस हार के साथ सिंधु का मौजूदा ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ लगातार हार का सिलसिला नौ मैचों तक पहुंच गया है। इन मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ी केवल एक बार ही गेम जीत सकी हैं, जो 2023 बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में संभव हुआ था। मुकाबले से पहले ही सिंधु के लिये यह चुनौती बेहद कठिन मानी जा रही थी, क्योंकि इस वर्ष एन से यंग ने केवल एक मैच गंवाया है, जबकि 2025 में पूरे वर्ष में उन्हें केवल चार ही हार मिली हैं। यह अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर उनकी असाधारण दबदबे को दर्शाता है।

साभार : गूगल

सिंधु ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए अपने दमदार स्मैश और तेज इंटरसेप्शन के जरिए रैलियों पर नियंत्रण बनाने की कोशिश की। वह हालांकि पहले गेम के ब्रेक के समय 7-11 से पीछे रहीं। ब्रेक के बाद लगातार आक्रामक रिटर्न और शॉट्स की मदद से उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर 13-14 तक पहुंचा दिया।

सिंधु की आक्रामक रणनीति उन्हें मुकाबले में बनाए रख रही थी, वहीं दूसरी ओर नेट पर एन का नियंत्रण और दबाव झेलने की क्षमता उन्हें फिर से बढ़त दिला रही थी। सिंधु ने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी के शरीर पर ताकतवर स्मैश और कुछ कमाल के शॉट की मदद से अंतर 16-18 तक घटाया और फिर मैच की सबसे लंबी रैली जीतकर स्कोर 17-19 कर दिया।

उनका शॉट कोर्ट से बाहर जाने पर एन से यंग को तीन गेम पॉइंट मिल गए जिसे उन्होंने आसानी से भुना लिया। भारतीय खिलाड़ी की दूसरे गेम में शुरूआत बेहद ही खराब रही। एन ने बिना समय गंवाये 6-0 की बढ़त बना ली। सिंधु ने हालांकि इसके बाद अच्छी वापसी कर स्कोर को 6-8 किया लेकिन ऐन ने ब्रेक तक स्कोर 11-7 कर चार अंकों की बढ़त बना ली।

उन्होंने ब्रेक के बाद आक्रामक रूख अपनाने की कोशिश कर स्कोर को 11-14 और फिर 30 शॉट की लंबी रैली जीतकर अंतर 12-14 तक घटा दिया। भारतीय खिलाड़ी को निर्णायक क्षणों में कुछ गलतियां करना महंगा पड़ा जिसका फायदा उठा कर ऐन ने 18-13 की बड़ी बढ़त कायम कर ली।

कोरियाई खिलाड़ी ने लगातार बेहतरीन प्लेसमेंट से सिंधु को परेशान करते हुए सात मैच पॉइंट हासिल किए। उनका शॉट कोर्ट से बाहर जाते ही उन्होंने दूसरे मैच प्वाइंट को भुनाकर 48 मिनट तक चले इस मुकाबले को अपने नाम कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

Related Articles

Back to top button