राष्ट्रमंडल खेल दिवस पर फिट इंडिया का बड़ा आयोजन, 8000 से अधिक स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
24 मई को देशभर के 8000 से अधिक स्थानों पर राष्ट्रमंडल खेल दिवस मनाया जाएगा। इसका मुख्य आयोजन 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के संभावित मेजबान शहर अहमदाबाद में होगा, जिसमें केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी शामिल होंगे।
अहमदाबाद में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर, बैडमिंटन स्टार तृप्ति मुरगुंडे और निशानेबाज अंजुम मोद्गिल समेत कई नामचीन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खेल मंत्रालय ने जानकारी दी कि फिट इंडिया के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन 24 मई को अहमदाबाद रिवरफ्रंट पर किया जाएगा, जिसकी थीम राष्ट्रमंडल खेलों पर आधारित होगी।
मंत्रालय के अनुसार, इस बार आयोजन की थीम ‘अ न्यू आइकन फॉर अ फिटर इंडिया.. पैडलिंग टू 2020’ रखी गई है। यह थीम फिटनेस, एकजुटता और खेल भावना के जरिए भारत की 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के विजन को प्रदर्शित करेगी।

इस अवसर पर राष्ट्रमंडल खेल थीम पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें पिछले 12 वर्षों में खेलों में भारत की उपलब्धियों, खेलो इंडिया मिशन और खेल उपकरण निर्माण के क्षेत्र में की गई पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
अहमदाबाद में होने वाले कार्यक्रम में हॉकी खिलाड़ी रजनी ई, गुरजीत कौर, सोनिका टी, निशानेबाज अंजुम मोद्गिल और अंकुर मित्तल, बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे तथा अभिनेता आयुष्मान खुराना भी मौजूद रहेंगे। मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे, जिससे खेलों में जनभागीदारी को और मजबूती मिलेगी।
राष्ट्रमंडल खेल दिवस समारोह से पहले ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म पर देशव्यापी क्विज प्रतियोगिता, रील मेकिंग प्रतियोगिता और टॉर्च डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। फिट इंडिया ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत अब तक 74 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। इन आयोजनों में देशभर के तीन लाख से अधिक स्थानों पर 50 लाख से ज्यादा साइकिलिस्ट भाग ले चुके हैं।



