Trending

विश्व कप जीतने को आदत बनाना चाहती है भारतीय महिला क्रिकेट टीम : हरमनप्रीत कौर

नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) महिला टी-20 विश्व कप से पहले बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारतीय टीम अब सिर्फ एक बार विश्व कप जीतकर संतुष्ट नहीं है, बल्कि वह विश्व कप जीतने को अपनी आदत बनाना चाहती है।

 

हरमनप्रीत ने कहा कि आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल थी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक ट्रॉफी जीतना नहीं था, बल्कि इसने देश की युवा लड़कियों को यह भरोसा दिलाया कि वे भी दुनिया के सबसे बड़े मंच तक पहुंच सकती हैं।हरमन ने गुरुवार को आईसीसी के हवाले से कहा, “2025 विश्व कप की जीत ने हमें आत्मविश्वास दिया, लेकिन वह सिर्फ शुरुआत थी। अब हमारी कोशिश है कि जीत हमारी पहचान बने। उस सफलता के बाद जिम्मेदारियां और उम्मीदें दोनों बढ़ी हैं। दबाव जरूर है, लेकिन यह सकारात्मक दबाव है।”

 

भारतीय कप्तान ने बताया कि टीम ने टी-20 विश्व कप की तैयारी विश्व कप 2025 जीतने के तुरंत बाद शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया टी20 श्रृंखलाओं ने टीम को अपनी कमियों और मजबूती को समझने का मौका दिया।हरमनप्रीत ने टीम प्रबंधन और बीसीसीआई की तैयारियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हुए प्रशिक्षण शिविरों से टीम को काफी फायदा मिला है।

 

उन्होंने कहा, “हमारी टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। खिलाड़ियों में निडरता है और जीत की भूख भी। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई दिशा दी है। इस लीग ने नए खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खेलने और दबाव झेलने का अनुभव दिया।” हरमनप्रीत ने टीम के माहौल को भी खास बताया। उन्होंने कहा कि सहयोगी स्टाफ ने ड्रेसिंग रूम में बेहद सकारात्मक वातावरण बनाया है, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।

 

उन्होंने 2017 विश्व कप की यादों को भी साझा किया, जब इंग्लैंड में उनके 171 रन की पारी ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाई थी।उन्होंने कहा, “2017 विश्व कप मेरे जीवन का अहम मोड़ था। उस टूर्नामेंट के बाद लोगों ने भारतीय महिला क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया। तब से महिला क्रिकेट लगातार आगे बढ़ा है।” अंत में हरमनप्रीत ने कहा कि टीम का लक्ष्य लगातार बेहतर प्रदर्शन करना और भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

Related Articles

Back to top button