Trending

हीट्स में यूपी का जलवा, दो वर्गों में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में बनाई जगह

46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप

गोरखपुर। मेजबान उत्तर प्रदेश ने 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में हीट्स मुकाबलों के पहले दिन दो वर्गो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ शीर्ष पर रहते हुए शीर्ष स्थान के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली।

बालक सिंगल स्कल में यूपी के मोहन महेश सेमीफाइनल में

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन द्वारा उत्तर प्रदेश खेल विभाग के बुनियादी और प्रशासनिक सहयोग से चैंपियनशिप का आयोजन रामगढ़ताल पर किया जा रहा है।

बालक क्वाड्रुपल स्कल में मेजबान चौकड़ी अंतिम चार में

मंगलवार को हीट्स मुकाबलों में पहले व दूसरे स्थान पर रही टीमों ने अगले राउंड में स्थान सुरक्षित किया जबकि अन्य स्थानों पर रही टीमों के खिलाड़ियों को रेपचेज राउंड के जरिए एक और मौका मिलेगा। आज स्पर्धाओं के पहले दिन अतिथिगण विधायक एमपी सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ला, विधायक विमलेश पासवान ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

इस अवसर पर आरएफआई अध्यक्ष बालाजी मरपाड़ा व फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नवाबुद्दीन, उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह (भाजपा विधायक), उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा (उपाध्यक्ष, रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया), आयोजन सचिव राजेश यादव, उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राणा राहुल सिंह, गोरखपुर रोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विशाल जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे।

पहले दिन बालक सिंगल स्कल में यूपी के मोहन महेश ने 8:51.3 के समय के साथ शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस वर्ग में चंडीगढ़ के उदय दूसरे व तमिलनाडु के कृष कार्तिक कुमार तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बालक क्वाड्रुपल स्कल में यूपी के दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव व प्रवीण कुमार की चौकड़ी 06:41.0 के समय के साथ शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची जबकि ओडिशा ने भी दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।

दूसरी ओर हीट्स में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी और मध्य प्रदेश में कड़ी होड़ देखने को मिली। दोनों ही टीमों ने 6-6 वर्गो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ अगले दौर में जगह बनाई। हरियाणा ने पांच व केरल ने तीन वर्गो के अगले दौर में जगह बनाई। पहले दिन विभिन्न वर्गो की स्पर्धाओं में हीट राउंड के कुल 29 मुकाबले हुए।

बालिका सिंगल स्कल में ओडिशा की नेहा पहले, मणिपुर की हुदीरोम चानू दूसरे व चंडीगढ़ की तनिष्का तीसरे स्थान पर रही। बालिका काक्सलेस पेयर्स में मध्य प्रदेश की स्नेहा कलमे व जिज्ञासा रैगर 09:03.0 के समय के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में पहुंची।

बालक डबल स्कल में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी के राजन व व प्रतीक निषाद पहले व पंजाब के भवदीप सिंह व हरजिंदर सिंह दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचे। बालिका क्वाड्रुपल स्कल में पंजाब पहले व अंडमान-निकोबार दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची।

बालिका सिंगल स्कल में मध्य प्रदेश की संतोष यादव पहले तमिलनाडु की एस़ रक्षा दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची। बालक काक्सलेस फोर्स में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी पहले व ओडिशा की टीम दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची। बालिका काक्सलेस पेयर्स में हरियाणा की कुमकुम व तमन्ना फाइनल में पहुंची।

Related Articles

Back to top button