Trending

अमित शाह की अध्यक्षता में आज बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की उच्चस्तरीय बैठक

रायपुर : केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का तीसरा दिन है। शाह आज बस्तर के जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

 

पहली बार छत्तीसगढ़ के बस्तर में इस स्तर की परिषद की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में राज्यों के बीच आपसी समन्वय, कानून व्यवस्था, सीमा विवाद, परिवहन, बिजली, जल संसाधन और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में शामिल होने के लिए साेमवार देर रात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी छत्तीसगढ़ पहुंचे जिनका मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने दोनों मुख्यमंत्रियों से विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा भी की।

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कभी नक्सली हिंसा की चुनौतियों से जूझने वाला बस्तर आज शांति, सुरक्षा और विकास की नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बैठक अंतरराज्यीय समन्वय को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा विकसित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बस्तर के निर्माण की दिशा में भी ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी।

 

उल्लेखनीय है कि दौरे के दूसरे दिन यानी सोमवार को अमित शाह ने कहा था कि बस्तर के लोगों का 50 सालों में जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई हम 4-5 सालों में करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जब तक बस्तर विकसित नहीं होगा, तब तक हमारा संकल्प अधूरा रहेगा। —————

Related Articles

Back to top button