आर प्रज्ञाननंदा ने वेस्ली सो को रोका, खिताबी दौड़ हुई रोमांचक
सुपर शतरंज क्लासिक के पांचवें दौर में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने अमेरिकी वेस्ली सो के साथ अंक बांटे और इस तरह से इस टूर्नामेंट में चौथी बाजी ड्रॉ खेली।
प्रतियोगिता ग्रैंड शतरंज टूर्नामेंट का हिस्सा है जिसके पांचवें दौर में किसी भी बाजी का हार या जीत के रूप में परिणाम नहीं निकला। इस तरह से जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने अपनी आधे अंक की बढ़त बरकरार रखी। उनके 3.5 अंक हो गए हैं।
कीमर के बाद प्रज्ञाननंदा तथा नीदरलैंड के अनीश गिरी और जॉर्डन वैन फोरेस्ट का नंबर आता है। इन तीनों खिलाड़ियों के तीन-तीन अंक हैं और वे संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।

फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव और वेस्ली सो 2.5-2.5 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं, जबकि अमेरिका के फैबियानो कारुआना और विश्व चैम्पियनशिप के दावेदार उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव समान दो अंकों के साथ उनसे पीछे हैं। रोमानिया के बोगदान-डेनियल डिएक 1.5 अंकों के साथ नौवें स्थान पर हैं। फ्रांस के अलीरेज़ा फ़िरोजा उनसे आधा अंक पीछे हैं।



