चेन्नई सुपरकिंग्स की नजर बड़ी जीत पर, एलएसजी के लिए सम्मान बचाने की चुनौती
लचर प्रदर्शन के बावजूद प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई चेन्नई सुपर किंग्स शुक्रवार को आईपीएल मैच में लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज कर अपनी उम्मीदों को और मजबूत करना चाहेगी, जबकि टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी लखनऊ के लिए यह मुकाबला सिर्फ सम्मान बचाने का अवसर होगा।
चेन्नई ने टूर्नामेंट के दूसरे चरण में सही समय पर जीत हासिल कर अपनी संभावनाएं जिंदा रखी हैं। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जाइंट्स का प्रदर्शन पूरे सीजन में निराशाजनक रहा है। प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए चेन्नई को अपने बाकी सभी मैच जीतने होंगे। साथ ही उसे अन्य टीमों के परिणाम भी अपने पक्ष में जाने की उम्मीद करनी होगी। फिलहाल चेन्नई 11 मैचों में छह जीत के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है।
सीजन के शुरुआती दौर में खराब फिनिशिंग को लेकर आलोचना झेलने वाली पांच बार की चैंपियन चेन्नई ने संजू सैमसन, उर्विल पटेल, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और कुछ युवा खिलाड़ियों के दम पर शानदार वापसी की है।

ओपनिंग में उर्विल पटेल की आक्रामक बल्लेबाजी ने पावरप्ले में टीम को बेहतर शुरुआत दिलाई है। शुक्रवार के मुकाबले में शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस को भी मध्यक्रम में जिम्मेदारी निभानी होगी। जांघ की चोट के कारण हरफनमौला खिलाड़ी जैमी ओवर्टन का बाहर होना चेन्नई के लिए बड़ा झटका है। ओवर्टन ने 10 मैचों में 14 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई थी।

गेंदबाजी विभाग में अकील हुसैन, मुकेश चौधरी और अंशुल कंबोज ने भी प्रभाव छोड़ा है, जबकि अफगानिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद लगातार असरदार साबित हुए हैं। दूसरी तरफ लखनऊ सुपर जाइंट्स को कप्तान ऋषभ पंत के खराब फॉर्म का नुकसान उठाना पड़ा है।
टीम के गेंदबाज भी विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे हैं। चेन्नई के खिलाफ पहले चरण के मुकाबले में लखनऊ ने 203 रन बनाने के बावजूद मैच गंवा दिया था। लखनऊ के लिए जोश इंगलिस, निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने अलग-अलग मैचों में अच्छी पारियां खेलीं, लेकिन टीम सामूहिक प्रदर्शन करने में विफल रही।

चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), अमन खान, शिवम दुबे, जैक फॉल्क्स, रामकृष्ण घोष, अंशुल कंबोज, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह, मैट हेनरी, अकील हुसैन, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी, नूर अहमद

लखनऊ सुपर जाइंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, अक्षत रघुवंशी, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एडेन मार्क्रम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), अर्शिन कुलकर्णी, जॉर्ज लिंडे, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, आकाश सिंह, अवेश खान, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, एनरिक नोर्किया, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, अर्जुन तेंदुलकर, नमन तिवारी, मयंक यादव



