टॉटेनहम और लीड्स यूनाइटेड के बीच रोमांचक मुकाबला बराबरी पर खत्म
फुटबॉल प्रीमियर लीग में टॉटेनहम हॉटस्पर और लीड्स यूनाइटेड के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। इस ड्रॉ के बाद टॉटेनहम 38 अंकों के साथ अंक तालिका में 17वें स्थान पर पहुंच गया, जबकि लीड्स यूनाइटेड 14वें नंबर पर है।
प्रीमियर लीग की रिपोर्ट के अनुसार, फ्रांसीसी फुटबॉलर मैथिस टेल मैच के पहले हीरो साबित हुए, लेकिन बाद में उनकी एक गलती टीम पर भारी पड़ गई। टेल ने मुकाबले के 50वें मिनट में शानदार गोल कर टॉटेनहम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
हालांकि, कुछ ही देर बाद उन्होंने अपने बॉक्स के अंदर गेंद को क्लियर करने की कोशिश की, जिसमें उनका पैर एथन अमपाडू से टकरा गया। वीएआर जांच के बाद रेफरी ने लीड्स यूनाइटेड को पेनल्टी दे दी।

इंग्लिश फुटबॉलर कैल्वर्ट लेविन ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए 74वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद टॉटेनहम हॉटस्पर ने फिर से बढ़त हासिल करने की कोशिश की, लेकिन लीड्स यूनाइटेड की टीम मुकाबले में ज्यादा प्रभावशाली नजर आई।
मैच के अंतिम क्षणों में गोलकीपर किंस्की ने सीन लॉन्गस्टाफ के जोरदार शॉट को शानदार तरीके से रोककर अपनी टीम को हार से बचा लिया। पहले हाफ के अंत में टॉटेनहम के पास बढ़त बढ़ाने का अच्छा मौका था। लीड्स के गोलकीपर कार्ल डार्लो ने गेंद को जरूरत से ज्यादा देर तक अपने पास रखा, जिसके चलते स्पर्स को फ्री-किक मिली।
हालांकि, रिचर्डसन और पेड्रो पोरो इस अवसर का फायदा उठाने में असफल रहे। इसके बाद जोआओ पल्हिन्हा गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर से निकल गया।
स्टॉपेज टाइम में सीन लॉन्गस्टाफ के पास गोल करने का बेहतरीन मौका था, लेकिन किंस्की ने एक बार फिर शानदार बचाव करते हुए लीड्स यूनाइटेड को बढ़त लेने से रोक दिया। लुकास नमेचा के टैकल के बाद जेम्स मैडिसन ने पेनल्टी की अपील की, लेकिन रेफरी ने उनकी मांग को खारिज कर दिया।



