“देश के लिए खेलना अब भी सपना” – क्रुणाल पांड्या ने टीम इंडिया वापसी पर तोड़ी चुप्पी
आईपीएल में गेंद और बल्ले से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी के लिए ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या मैच विनर हैं। लगातार वे अपने दमदार प्रदर्शन से टीम को जीत दिला रहे हैं।
इस बीच उन्होंने अपने फ्यूचर प्लान के बारे में भी बताया है कि उनका लक्ष्य सिर्फ आईपीएल में प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि टीम इंडिया में वापसी करना और 2027 का वनडे विश्व कप खेलना है, जो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा।
क्रुणाल पांड्या ने रविवार 10 मई की रात को रायपुर में आरसीबी के लिए कमाल की पारी खेली, जो उनके अब तक के करियर की शायद सबसे अच्छी पारियों में शामिल है। जिस विकेट पर अच्छे-अच्छे बल्लेबाज फेल हो रहे थे, उसी पिच पर क्रुणाल पांड्या ने 73 रनों की पारी खेली और आरसीबी को मैच में जीवित कर दिया। बाद में आरसीबी को रोमांचक मैच में आखिरी गेंद पर जीत भी मिली।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में 35 वर्षीय क्रुणाल पांड्या ने वर्ल्ड कप 2027 में खेलने और टीम इंडिया में वापसी करने को लेकर कहा, “जब मैं 6-7 साल का बच्चा था, तो मैं देश के लिए खेलना चाहता था। अभी भी, यह बदला नहीं है। 100 परसेंट, मेरा लक्ष्य देश के लिए खेलना है। अगले साल, हमारा वर्ल्ड कप आ रहा है। मुझे उम्मीद है कि मैं अच्छा करता रहूंगा, नजर न लगे। उम्मीद है कि मुझे वह मौका मिलेगा। यह मेरे और मेरे परिवार के लिए खास होगा।”
क्रुणाल पांड्या अभी के लिए भारतीय टीम से काफी दूर हैं, जिनके पास 5 वनडे इंटरनेशनल और 19 टी20 इंटरनेशनल मैचों का अनुभव है। 5 वनडे में 130 रन उन्होंने बनाए हैं। उनका औसत 65 का है, जबकि स्ट्राइक रेट 101.56 का है। 58 उनका बेस्ट स्कोर है, जो डेब्यू मैच में उन्होंने नाबाद बनाए थे।
ओडीआई डेब्यू में किसी भी बल्लेबाज की यह भारत के लिए सबसे तेज फिफ्टी थी। हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट में वे भारत के लिए 5 साल पहले खेले थे। जुलाई 2021 में उन्होंने आखिरी मैच में टीम इंडिया की जर्सी पहनी थी।
हार्दिक पांड्या के बड़े भाई क्रुणाल पांड्या को डोमेस्टिक क्रिकेट का अच्छा खासा अनुभव है। लिस्ट क्रिकेट की बात करें तो वे 98 मैचों में 3001 रन बना चुके हैं। औसत उनका 38.47 का है, जबकि स्ट्राइक रेट 88.03 है। 3 शतक और 17 अर्धशतक वे लिस्ट ए क्रिकेट में जड़ चुके हैं। 118 विकेट भी उन्होंने चटकाए हैं। एक ऑलराउंडर के तौर पर यह आंकड़े लिस्ट ए क्रिकेट में कमाल के हैं।



