बारिश ने बार-बार रोका मैच, फिर भी इकाना में गूंजता रहा शोर
लखनऊ। इकाना स्टेडियम में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबले में सिर्फ खिलाड़ियों की ही नहीं, बल्कि मौसम की भी बराबर दखलंदाजी देखने को मिली।
कभी हल्की फुहार तो कभी तेज बारिश ने मैच की लय को बार-बार तोड़ा, जिससे मैदान पर खिलाड़ी और दर्शक दोनों ही बेचैनी के साथ आसमान की ओर देखते नजर आए। तीन बार बारिश के कारण खेल रुकने से मुकाबला कुल 85 मिनट तक प्रभावित रहा, लेकिन इसके बावजूद स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ।
बारिश ने पहली बार तब दस्तक दी जब मुकाबले का महज 1.3 ओवर ही पूरा हुआ था। बूंदाबांदी शुरू होते ही अंपायरों ने तुरंत खेल रोक दिया और मैदानकर्मी तेजी से पिच को कवर्स से ढकने में जुट गए। उस समय लखनऊ सुपर जायंट्स ने बिना किसी नुकसान के 12 रन बना लिए थे। राहत की बात यह रही कि पहली बारिश ज्यादा देर तक नहीं चली और करीब दस मिनट बाद मुकाबला दोबारा शुरू करा दिया गया।

हालांकि मौसम पूरी तरह शांत नहीं हुआ था। एलएसजी की पारी के नौ ओवर पूरे होते ही एक बार फिर तेज बारिश शुरू हो गई। खिलाड़ियों को मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा, जबकि दर्शकों के बीच भी हलचल बढ़ गई।
कई लोग अपनी सीटों से उठकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए। स्टेडियम में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें लगातार आसमान, अंपायरों और मैदानकर्मियों पर टिकी रहीं। दूसरी बार बारिश के चलते मुकाबला करीब 38 मिनट तक रुका रहा। इस दौरान मैदानकर्मी आउटफील्ड को जल्दी सुखाने और खेल के लिए तैयार करने में लगातार जुटे रहे। आखिरकार मौसम साफ होने के बाद अंपायरों ने निरीक्षण किया और रात नौ बजे खेल दोबारा शुरू कराया।
इसके बाद लगा कि मुकाबला बिना रुकावट आगे बढ़ेगा, लेकिन एलएसजी की पारी के 14 ओवर पूरे होते ही बारिश ने तीसरी बार खलल डाल दिया। उस समय लखनऊ की टीम मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी। तीसरी बार खेल करीब 37 मिनट तक रुका रहा। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अंपायरों ने ओवरों में कटौती का फैसला लिया और रात दस बजे मुकाबला दोबारा शुरू कराया गया।
बारिश की वजह से मैच भले ही रुक-रुक कर चलता रहा, लेकिन दर्शकों का जोश पूरे समय बना रहा। स्टेडियम में लगातार दोनों टीमों के समर्थन में नारे गूंजते रहे। हर बार बारिश रुकने के बाद दर्शकों की तालियों और शोर ने मुकाबले के रोमांच को फिर से जीवंत कर दिया। इकाना में यह मुकाबला सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि मौसम और धैर्य की भी परीक्षा बनकर सामने आया।


