Trending

कोहली के लिए उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा एजेंसियां रहीं सतर्क

लखनऊ। इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल के मुकाबले के दौरान गुरुवार को विराट कोहली का क्रेज एक बार फिर दर्शकों के सिर चढ़कर बोला, लेकिन इस बार सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आईं।

इसके चलते मैदान से लेकर ड्रेसिंग रूम और टीम बस तक विराट कोहली के चारों ओर सुरक्षा का मजबूत घेरा बनाया गया, ताकि कोई भी दर्शक उनके करीब तक न पहुंच सके।

दरअसल, पिछले सीजन में इकाना स्टेडियम में एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में घुस गया था और विराट कोहली तक पहुंचने में सफल रहा था। उस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस, निजी सुरक्षा कर्मियों और आयोजन समिति ने अतिरिक्त सतर्कता बरती।

© BCCI

मैच शुरू होने से पहले ही स्टेडियम परिसर के भीतर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। खिलाड़ियों की एंट्री के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। विराट कोहली जब वार्मअप और फिर मैदान पर क्षेत्ररक्षण के लिए उतरे तो उनके आसपास सुरक्षा कर्मियों की विशेष निगरानी दिखाई दी। दर्शकों को बाउंड्री लाइन के करीब जाने से भी रोका गया।

स्टेडियम में मौजूद प्रशंसक लगातार “कोहली-कोहली” के नारे लगाते रहे और बड़ी संख्या में लोग मोबाइल कैमरों में उनकी तस्वीरें और वीडियो कैद करते नजर आए। हालांकि भारी उत्साह के बावजूद सुरक्षा कर्मियों ने किसी भी दर्शक को बैरिकेडिंग पार नहीं करने दी।

मैच के दौरान पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की नजर खास तौर पर उन स्टैंड्स पर बनी रही, जहां से दर्शकों के मैदान में कूदने की आशंका रहती है। अधिकारियों के अनुसार खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए थे। विराट कोहली की लोकप्रियता को देखते हुए पूरा सुरक्षा तंत्र पूरे मुकाबले के दौरान हाई अलर्ट पर दिखाई दिया।

Related Articles

Back to top button