कैच ड्रॉप ने डुबोई पंजाब की नैया, हैदराबाद की बड़ी जीत, टॉप पर जमाया कब्जा
कैच छोड़ने की एक बड़ी गलती ने पंजाब किंग्स की मेहनत पर पानी फेर दिया। आईपीएल मैच में इस चूक का पूरा फायदा उठाते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 33 रन से जीत दर्ज की और सीधे अंकतालिका के शीर्ष पर कब्जा जमा लिया।
हेनरिच क्लासेन और ईशान किशन के अर्धशतकों से सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर 235 रन बनाये। सपाट विकेट पर सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस ने दो विकेट लिये जबकि एशान मलिंगा ने एक विकेट चटकाया।
दोनों ने 21 डॉट गेंदें फेंकी और पंजाब किंग्स 202 रन ही बना सके। कूपर कोनोली ने नाबाद 107 रन बनाये लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पंजाब किंग्स की हैदराबाद में यह लगातार नौवीं हार थी। सनराइजर्स के इस सातवीं जीत के साथ 14 अंक हो गए हैं और वह दस टीमों में शीर्ष पर है। बाकी तीन मैचों में से एक जीत के साथ ही उसके 16 अंक हो जायेंगे जो प्लेआफ के लिये क्वालीफाई करने के लिये काफी है।

पंजाब की शुरूआत काफी खराब रही और चार रन के स्कोर पर उसके दो बल्लेबाज पवेलियन में थे। प्रियांश आर्य को कमिंस ने रवाना किया जबकि प्रभसिमरन सिंह ने नीतिश रेड्डी की गेंद पर कमिंस को कैच थमाया। कप्तान श्रेयस अय्यर भी पांच रन बनाकर आउट हो गए।
दो पावरप्ले में ही मैच का नतीजा तय हो गया। सनराइजर्स के लिये अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने पावरप्ले में एक विकेट पर 79 रन बनाये थे जबकि पंजाब तीन विकेट पर 57 रन ही बना सका। लगातार तीसरी हार के लिये पंजाब का लचर क्षेत्ररक्षण कसूरवार रहा।
ईशान और क्लासेन के कैच तीन बार छूटे जबकि प्रभसिमरन ने स्टम्पिंग का मौका भी गंवाया। अभिषेक (35 रन) और हेड (38 रन) ने अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन की गेंदों की धुनाई करते हुए अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद क्लासेन (69 रन) और ईशान (55 रन) ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए अर्धशतक लगाये।

नीतिश रेड्डी ने नाबाद 29 रन का योगदान दिया। पिच से गेंदबाजों को बिल्कुल मदद नहीं मिली जिसे देखते हुए चहल का प्रदर्शन काबिले तारीफ कहा जायेगा। उन्होंने एक विकेट लिया। उन्हें तीन विकेट मिले होते लेकिन शशांक सिंह ने एक आसान कैच छोड़ा और प्रभसिमरन सिंह ने स्टम्पिंग का आसान मौका गंवाया।
सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने 17 छक्के जड़े। अभिषेक ने इनमें से चार, हेड ने तीन , ईशान और क्लासेन ने चार चार छक्के लगाये। पंजाब के लिये अर्शदीप ने एक विकेट लिया जबकि यानसेन ने 61 रन दे डाले और कोई सफलता नहीं मिली। ईशान ने विजयकुमार विशाख को लगातार तीन छक्के लगाकर अपने चिर परिचित फॉर्म की झलक दिखाई।
अभिषेक ने यानसेन को लांग आफ और लांग आन पर छक्के लगाये। उन्होंने लॉकी फर्ग्युसन को पूल शॉट खेलकर टीम के 50 रन पूरे किये। अभिषेक पांचवां छक्का जड़ने के प्रयास में मिड आफ पर श्रेयस अय्यर को कैच दे बैठे। उनके जाने के बाद हेड ने मिडविकेट पर दो सपाट छक्के लगाये। वह लगातार तीसरा अर्धशतक जमाने से हालांकि चूक गए।



