महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का राज्यसभा से इस्तीफा स्वीकार, सीट रिक्त घोषित

नई दिल्ली : महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने बुधवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, जिसे सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उच्च सदन की संबंधित सीट रिक्त घोषित कर दी गई है।
राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी संसदीय बुलेटिन (भाग-2) के अनुसार, पवार ने बुधवार को उपराष्ट्रपति भवन में सभापति से मुलाकात कर अपना त्यागपत्र सौंपा था। सभापति ने उनका इस्तीफा 6 मई 2026 से प्रभावी मानते हुए स्वीकार कर लिया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने सुनेत्रा पवार के राष्ट्र सेवा में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए सफलता की कामना की।
उल्लेखनीय है कि राज्यसभा सचिवालय की अधिसूचना के साथ ही यह सीट औपचारिक रूप से रिक्त हो गई है। अब इसे भरने के लिए उपचुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी।



