Trending

मास्टर ब्लास्टर @53: सचिन तेंदुलकर के 10 ‘अटूट’ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स पर एक नजर

आज सचिन तेंदुलकर अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर हम आपके लिए “मास्टर ब्लास्टर” के 10 ऐसे रिकॉर्ड्स लेकर आए हैं, जो आज भी अटूट हैं।

सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे लंबे वनडे करियर का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 22 साल 91 दिन तक वनडे क्रिकेट खेला और इस दौरान कुल 463 मैच खेले। सनथ जयसूर्या उनके करीब पहुंचे थे, जिन्होंने 21 साल 184 दिनों के करियर में 445 वनडे खेले, लेकिन वह भी इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सके।

सचिन के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 18,426 रन बनाने का भी विश्व रिकॉर्ड है। विराट कोहली 14,797 रनों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, आज के समय में वनडे कम खेले जाने के कारण कोहली के लिए इस रिकॉर्ड को तोड़ना काफी मुश्किल नजर आता है।

साभार : गूगल

सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में कुल 664 इंटरनेशनल मैच खेले, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। एक समय ऐसा लगा था कि महेला जयवर्धने (652 मैच) इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं, लेकिन वे भी इससे पीछे रह गए। सचिन के नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 51 शतक लगाने का रिकॉर्ड है। मौजूदा खिलाड़ियों में जो रूट 41 शतकों के साथ उनके पीछे हैं, लेकिन यह रिकॉर्ड टूटता हुआ फिलहाल नजर नहीं आता।

वनडे क्रिकेट में सचिन को 62 बार “प्लेयर ऑफ द मैच” अवॉर्ड मिला, जो एक विश्व रिकॉर्ड है। उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी 50 बार तक भी इस उपलब्धि तक नहीं पहुंच पाया है। एक्टिव खिलाड़ियों में विराट कोहली 45 अवॉर्ड के साथ उनके पीछे हैं।

सचिन तेंदुलकर वनडे क्रिकेट में 15,000 से ज्यादा रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने 463 मैचों में 18,426 रन बनाए, जिसमें 49 शतक शामिल हैं। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से भी टीम इंडिया को कई मैच जिताए और उनके नाम इस फॉर्मेट में 154 विकेट दर्ज हैं।

क्रिकेट इतिहास में सचिन ही ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वर्ल्ड कप में 2000 से ज्यादा रन बनाए हैं। 6 वर्ल्ड कप में उन्होंने कुल 2,278 रन बनाए। इसके अलावा, एक ही वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा 673 रन बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है।

1989 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे लंबे क्रिकेट करियर का रिकॉर्ड है। कम से कम 100 मैच खेलने वाले खिलाड़ियों में वह शीर्ष पर हैं। उन्होंने 24 साल 1 दिन तक क्रिकेट खेला और इस दौरान 664 मैच खेले।

सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 200 मैच खेले हैं, जो एक विश्व रिकॉर्ड है। जेम्स एंडरसन 188 मैचों तक पहुंचे, लेकिन 41 साल की उम्र में वह भी इस रिकॉर्ड को पार नहीं कर सके। सचिन के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 34,357 रन बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। विराट कोहली 28,215 रनों के साथ उनके पीछे हैं, लेकिन उनके लिए भी इस आंकड़े को पार करना काफी कठिन माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button